मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट.
Munger Bakrid Celebration: मुंगेर शहर के शास्त्री नगर आरडी एंड डीजे कॉलेज रोड स्थित ईदगाह मैदान में शनिवार को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद की नमाज अकीदत और उल्लास के साथ अदा की गई. सुबह से ही नमाजियों का ईदगाह पहुंचना शुरू हो गया था और देखते ही देखते पूरा मैदान लोगों से भर गया. भारी भीड़ के कारण हजारों लोगों ने ईदगाह के बाहर मुख्य सड़क पर नमाज अदा की. पूरे इलाके में ईद की खुशियां और भाईचारे का माहौल देखने को मिला.
ईदगाह मैदान में उमड़ी नमाजियों की भारी भीड़
बकरीद की नमाज के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ ईदगाह मैदान पहुंचने लगी थी. नए कपड़ों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में नमाज में शामिल हुए. भीड़ इतनी अधिक थी कि ईदगाह परिसर छोटा पड़ गया और लोगों को सड़क पर कतार बनाकर नमाज पढ़नी पड़ी. नमाज के दौरान पूरे इलाके में अनुशासन और धार्मिक आस्था का माहौल बना रहा.
मौलाना ने दिया अमन और इंसानियत का संदेश
ईद की नमाज अमीर-ए-शरियत हजरत मौलाना अहमद बली फैसल अहमद रहमानी ने अदा कराई. नमाज के बाद अपने तकरीर में उन्होंने कहा कि बकरीद त्याग, कुर्बानी और इंसानियत का पर्व है. उन्होंने लोगों से समाज में मोहब्बत, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की. साथ ही देश और दुनिया में अमन-शांति कायम रहने की दुआ की गई.
देश की तरक्की और खुशहाली के लिए उठे हजारों हाथ
नमाज के दौरान हजारों लोगों ने देश की शांति, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ मांगी. नमाज खत्म होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी. ईदगाह परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देर तक बना रहा.
सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन रहा अलर्ट
बकरीद को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. ईदगाह मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके.
Also Read: विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर बेगूसराय से टोक्यो तक गूंजा ‘पीरियड जागरूकता अभियान’
