जमालपुर (मुंगेर). भारतीय एथलीट संघ एवं बिहार एथलेटिक संघ के नेतृत्व में 37वीं ईस्ट जोन नेशनल एथलेटिक चैंपियनशिप का आयोजन 22 से 24 दिसंबर तक पटना स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा. प्रतियोगिता में मुंगेर जिले से तीन टेक्निकल ऑफिसर और 12 सहायक ऑफिशियल का चयन किया गया है. जिले से पहली बार इतनी संख्या में तकनीकी अधिकारियों की भागीदारी होगी.
राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में शामिल होंगे तीन टेक्निकल ऑफिसर
पूर्व रेलवे लोको शेड जमालपुर में कार्यरत और मुख्यमंत्री द्वारा ताम्रपत्र से सम्मानित राष्ट्रीय एथलीट राकेश कुमार सिंह टेक्निकल टीम का नेतृत्व करेंगे. उनके अतिरिक्त मिथिलेश कुमार गुप्ता और चंदन कुमार को टेक्निकल ऑफिसर के रूप में चयनित किया गया है.
12 सहायक ऑफिशियल का भी हुआ चयन
प्रतियोगिता के लिए मुंगेर जिले से अरविंद कुमार, तरुण राज, सोनू सिंह, शिवम कुमार, रोहित कुमार, आयुष कुमार, विपुल कुमार सिंह, आदर्श कुमार, रितिक भारती, अंजली भारती, अजय प्रसाद और मोहित कुमार का चयन सहायक ऑफिशियल के रूप में किया गया है.
12 राज्यों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और सिक्किम के खिलाड़ी भाग लेंगे. प्रतियोगिता में 14, 16, 18 और 20 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा लेंगी. विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा.
जिला एथलेटिक एसोसिएशन ने दी बधाई
मुंगेर जिला एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष निलेश कुमार, उपाध्यक्ष शुभंकर झा, अजय कुमार सिंह, शमी सचिन, पूर्वेंदु नारायण सिंह, संयुक्त सचिव अरविंद कुमार, मनी देव पासवान, कोषाध्यक्ष प्रहलाद कुमार, मनीष कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने चयनित अधिकारियों और पूरी टीम को बधाई दी है. उन्होंने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन और सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं.
