अव्वल छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने वाली माताएं भी हुईं सम्मानित

खड़गपुर के मध्य विद्यालय भलुआकोल एवं बरियारपुर प्लस टू उच्च विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया.

अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में विद्यालय का रिपोर्ट कार्ड जारी

हवेली खड़गपुर/बरियारपुर. विद्यालयों में परीक्षा परिणाम घोषित करने के लिए सोमवार को खड़गपुर के मध्य विद्यालय भलुआकोल एवं बरियारपुर प्लस टू उच्च विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने वाली माताओं एवं प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया.

हवेली खड़गपुर :

प्रखंड के मध्य विद्यालय भलुआकोल में प्रधानाध्यापक कपिलदेव कुमार की अध्यक्षता में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. मौके पर विद्यालय के वार्षिक परीक्षा का परिणाम भी घोषित किया. सभी वर्गों से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं एवं शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन के लिए बच्चों की माताओं को भी सम्मानित किया गया. प्रवेश से प्रगति तक, विद्यालय और अभिभावकों की भूमिका पर प्रधानाध्यापक ने कहा कि आगामी नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 माह अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो रहा है और बच्चों का विद्यालय में नामांकन प्रारंभ होगा. उन्होंने सभी माता-पिता से अनुरोध करते हुए कहा कि वे अपने-अपने अनामांकित बच्चों का नामांकन विद्यालय में शीघ्र कराएं, जिससे विद्यालय में शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ से ही बच्चों का पठन-पाठन का लाभ मिल सके. उन्होंने अभिभावकों को विद्यालय, शिक्षक और बच्चों के साथ-साथ जुड़े रहने एवं आपसी संबंध को बेहतर बनाने पर जोर दिया. मौके पर ज्वाला प्रसाद सिंह, रेणु सिन्हा, माधुरी कुमारी, शिव गौतम कुमार, सत्यदेव कुमार, विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्षा शबनम कुमारी, सचिव सुशीला देवी सहित अनेक अभिभावक मौजूद थे.

बरियारपुर :

प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी सह रिपोर्ट कार्ड वितरण समारोह का आयोजन किया गया. समारोह के मुख्य अतिथि बीडीओ सह बीइओ विशाल आनंद थे. मौके पर बालिकाओं ने स्वागत गीत गाकर अतिथियों का स्वागत किया. इसके उपरांत बीडीओ ने कहा कि आज सरकारी विद्यालय में सभी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है. अभिभावक अपने बच्चों को शिक्षित करें और पढ़ाई के साथ खेलकूद या अन्य विद्या मे भी पहल करें. आज लड़कियां हर खेल में आगे बढ़ रही हैं. बिहार सरकार द्वारा खेल को प्रोत्साहित किया जा रहा है और पंचायत स्तर पर मैदान बनवाया जा रहा है, जिससे बच्चे शिक्षा के साथ अन्य विधाओं में भी आगे बढ़ सके. इस दौरान बीडीओ ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्राओं की घोषणा की. जिसमें 11वीं साइंस में प्रथम सोनाक्षी श्री, द्वितीय आरती कुमारी व तृतीय शिवानी कुमारी मंडल रही. आर्ट्स में रौशनी कुमारी प्रथम, चाहत कुमारी द्वितीय व चंदा कुमारी तृतीय स्थान पर रही. वर्ग नवम में राधिका कुमारी, चांदनी कुमारी व आत्मजा हरगुण अव्वल रही. इन सभी को रिपोर्ट कार्ड उपलब्ध कराया गया. संचालन करते हुए वरीय शिक्षक दीपक दास ने कहा कि आने बाले वर्ष में विद्यालय का रिजल्ट भी ऑनलाइन किया जाएगा. मौके पर रेणु सिन्हा, अभिषेक कुमार, अमरजीत कुमार, दीपक कुमार, प्रेमलता कुमारी, पूजा कुमारी, निभा कुमारी, नीरज कुमार सहित अभिभावकगण मौजूद थे.

प्रवेश उत्सव सह दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्र-छात्राएं हुई पुरस्कृत

असरगंज. प्रखंड एवं नगर पंचायत के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में सोमवार को प्रवेश उत्सव सह दीक्षांत समारोह धूमधाम से मनाया गया. इसी कड़ी में मध्य विद्यालय चाफा में प्रवेश से प्रगति तक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाध्यापक अमरकांत कुमार ने किया. मौके पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. प्रधानाध्यापक ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी. साथ ही संगोष्ठी में अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन और सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और घर पर पढ़ाई का माहौल बनाने का आग्रह किया. वहीं अभिभावक ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया. मौके पर शिक्षक नरेश कुमार, कुंदन मिश्रा, इफ्तिखार, रागनी कुमारी, अर्चना कुमारी, शिक्षा सेवक मुन्ना कुमार, अभिभावक प्रीतम कुमार, रीता देवी, मोनिता कुमारी, आशा देवी सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR

ANAND KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >