कांवरिया पथ पर बेहोश होकर गिरा श्रद्धालु, लोग समझे मृत, पुलिस जवान ने पहुंचकर संभाली स्थिति

कच्ची कांवरिया पथ पर अचानक अफरातफरी मच गई जब एक श्रद्धालु को मिर्गी का दौरा पड़ने पर लोग उसे मृत समझने लगे. लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान अजीत कुमार विश्वकर्मा ने मानवीयता दिखाते हुए उसे बचाया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

Kanwariya News: असरगंज. बाबा धाम जा रहे कांवरियों की भीड़ के बीच गुरुवार को असरगंज के कच्ची कांवरिया पथ पर अचानक अफरातफरी मच गयी. एक कांवरिया को रास्ते में अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया. कुछ ही पल में उसके आसपास लोगों की भीड़ जुट गयी, लेकिन उसे मृत समझकर कई लोग दूर खड़े रहे.

इसी बीच मासूमगंज-मसूदनपुर पुलिस ओपी में तैनात जवान अजीत कुमार विश्वकर्मा की नजर उस कांवरिया पर पड़ी. जवान बिना समय गंवाये उसकी ओर दौड़ा और मदद में जुट गया. करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद कांवरिया को होश आया. इसके बाद उसकी हालत धीरे-धीरे सामान्य होने लगी.

अचानक कांवरिया पथ पर गिर पड़ा युवक

गुरुवार को कच्ची कांवरिया पथ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा धाम की ओर जा रहे थे. इसी दौरान एक कांवरिया को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा.

दौरा पड़ते ही वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया. अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद कांवरियों में भी कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गयी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोग उसके आसपास पहुंचे, लेकिन उसे मृत समझकर दूरी बनाकर खड़े रहे. इसी दौरान पुलिस जवान अजीत कुमार विश्वकर्मा वहां पहुंचे.

जवान ने बिना देर किए शुरू की मदद

कांवरिया को इस हालत में देखकर जवान ने तुरंत उसकी मदद शुरू कर दी. उन्होंने उसके सीने पर दबाव बनाया और पानी के छींटे दिए.

जवान ने कांवरिया के मुंह में हाथ डालकर उसके दांतों को हटाने का प्रयास भी किया, ताकि उसे सांस लेने में परेशानी न हो. वह लगातार करीब आधे घंटे तक कांवरिया को संभालने की कोशिश करते रहे.

इस दौरान जवान ने हिम्मत नहीं छोड़ी. लगातार प्रयास के बाद बेहोश पड़े कांवरिया में हलचल हुई और उसे धीरे-धीरे होश आने लगा.

आधे घंटे बाद कांवरिया ने खोली आंखें

कांवरिया को होश आने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली. कुछ समय बाद उसकी स्थिति सामान्य होने लगी.

कांवरिया पथ पर ड्यूटी कर रहे पुलिस जवान की तत्परता ने उस समय एक बड़ी घटना को टालने में मदद की. भीड़ के बीच जब लोग असमंजस में खड़े थे, तब जवान ने आगे बढ़कर मानवीय पहल की.

यह घटना कांवरिया पथ पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी को भी सामने लाती है. सावन के दौरान हजारों श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हैं. लंबी दूरी, थकान, गर्मी और भीड़ के बीच अचानक किसी की तबीयत बिगड़ने की घटनाएं सामने आती रहती हैं. ऐसे में मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की त्वरित मदद काफी महत्वपूर्ण हो जाती है.

कांवरिया ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया पूरा घटनाक्रम

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो एक अन्य कांवरिया ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस जवान अजीत कुमार विश्वकर्मा की तत्परता और मानवीय संवेदना की लोग सराहना कर रहे हैं. मुंगेर पुलिस के जवान द्वारा संकट में पड़े कांवरिया की मदद करने को लेकर भी लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है.

Kanwariya News:पुलिस ड्यूटी से आगे दिखी इंसानियत

कच्ची कांवरिया पथ पर हुई यह घटना केवल एक कांवरिया के बीमार पड़ने तक सीमित नहीं रही. इसने यह भी दिखाया कि संकट की घड़ी में किसी की मदद के लिए समय पर आगे आना कितना जरूरी है.

कांवरिया यात्रा के दौरान पुलिसकर्मी सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सहायता भी करते हैं. अजीत कुमार विश्वकर्मा द्वारा बेहोश कांवरिया की मदद का यह मामला इसी मानवीय जिम्मेदारी की तस्वीर सामने लाता है.

Also Read: JDU के पूर्व विधायक गोपाल मंडल कांग्रेस में होंगे शामिल, 4 बार रह चुके हैं MLA, टिकट कटने के बाद बदला सियासी ठिकाना

Also Read: बिहार के 11 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्का घर मिलने पर स्वीकृति, CM सम्राट ने बताया ऐतिहासिक कदम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राणा गौरी शंकर

राणा गौरी शंकर प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक आज से की. अभी प्रभात खबर के मुंगेर कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >