अंधेरे में डूबा जमालपुर स्टेशन से जुबली वेल चौक तक की सड़क, असुरक्षित महसूस कर रहे आमजन

अंधेरे में डूबा जमालपुर स्टेशन से जुबली वेल चौक तक की सड़क, असुरक्षित महसूस कर रहे आमजन

जमालपुर. जमालपुर रेलवे स्टेशन से जुबली वेल चौक तक जाने वाले महत्वपूर्ण सड़क मार्ग पर इन दिनों रेलवे की लापरवाही के कारण रात होते ही अंधेरा छा जा रहा है, जिससे इस सड़क से आने-जाने वाले लोग रात के समय खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. लगभग 150 से 200 मीटर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हुई है. जमालपुर रेलवे स्टेशन पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन का एक अत्यंत ही महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जहां से प्रतिदिन रात्रि कालीन कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन होता है. रात के समय भी बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन तक पहुंचाते हैं या यहां से अपनी यात्रा आरंभ करते हैं. स्टेशन से निकलने के बाद अधिकांश यात्रियों को जुबली वेल चौक होकर अपने घर अथवा अन्य गंतव्य तक जाना पड़ता है, लेकिन स्टेशन और चौक के बीच का लंबा हिस्सा अंधेरे में डूबा रहने के कारण लोगों को भय और असुरक्षा की भावना के बीच सफर करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार यह सड़क मार्ग रेलवे के क्षेत्राधिकार में आता है और यहां लाइट के व्यवस्था की जिम्मेदारी रेल प्रशासन की है. बावजूद इसके लंबे समय से बंद पड़ी लाइटों की मरम्मत नहीं करायी गयी है. लोगों ने बताया कि देर शाम जैसे ही सड़क किनारे की दुकान बंद हो जाती है, तब पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है. ऐसे में केवल गुजरने वाले वाहनों की हेडलाइट के सहारे ही राहगीरों और यात्रियों को रास्ता तय करना पड़ता है. अंधेरे के कारण दुर्घटना और अपराधिक घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है. रेल यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से अभिलंब इस समस्या का समाधान करने की मांग की है. उनका कहना है कि स्टेशन से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग पर शीघ्र प्रकाश व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि यात्रियों और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके. इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी विजयशील गौतम ने बताया कि यह सड़क मार्ग रेलवे के क्षेत्राधिकार में आता है और यहां पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी रेलवे की है. हालांकि इस संबंध में रेलवे के असिस्टेंट टाउन इंजीनियर सनातन कुमार से संपर्क स्थापित नहीं हो पाया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANA GAURI SHAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >