भोजन, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
मुंगेरविधान परिषद की कारा सुधार प्रबंधक समिति ने शुक्रवार को मुंगेर मंडल कारा में पहुंचकर जेल व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया. समिति के अध्यक्ष एमएलसी राजीव कुमार उर्फ गप्पू तथा सदस्य एमएलसी सौरभ कुमार ने जेल परिसर का भ्रमण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से जांच की. निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, भोजन, चिकित्सा सुविधा और दैनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया.
समिति के सदस्यों ने बंदियों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की. इस दौरान बंदियों ने अपनी समस्याएं भी समिति के समक्ष रखी, जिस पर सदस्यों ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान जेल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया. समिति के अध्यक्ष ने कहा कि बंदियों को मानवीय और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. निरीक्षण के बाद समिति के सदस्यों ने जेल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया. निरीक्षण के उपरांत समिति ने जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे.