जमालपुर अंचल के सैकड़ों दस्तावेजों को आग में किया राख, भ्रष्टाचार को दफन करने की संभावना

राज्य के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा शुक्रवार की शाम मुंगेर पहुंचे और शनिवार को भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कर रहे हैं

जमालपुर अंचल कार्यालय पर लगता रहा है भ्रष्टाचार का आरोप

आज राज्य के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा का भूमि सुधार जनकल्याण संवाद

जमालपुर. राज्य के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा शुक्रवार की शाम मुंगेर पहुंचे और शनिवार को भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कर रहे हैं, लेकिन उनके आने से पहले ही जमालपुर के अंचलकर्मियों ने खेल कर दिया. अंचल कार्यालय में खुलेआम महत्वपूर्ण सैकड़ों दस्तावेजों को आग के हवाले कर दिया. हालांकि, इसकी भनक जब पत्रकारों को लगी तो धूं-धूं कर जलते दस्तावेजों का वीडियो व फोटो खींचा गया. अब सवाल यह उठ रहा है कि सरकारी दस्तावेजों को आग के हवाले क्यों किया गया. इसकी जांच की मांग उठने लगी है.

आग में जले खतियान, रजिस्टर व महत्वपूर्ण दस्तावेज

बताया जाता है कि प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में गुरुवार को आरटीपीएस काउंटर के सामने एक खुले कोठरीनुमा जगह पर दस्तावेजों की ढेर में आग लग रही थी. जब अंचल कार्यालय काम से पहुंचे लोगों की नजर आग पर पड़ी तो वह उत्सुकतावश वहां देखने चले गये. आग में जल रहे दस्तावेजों पर उनकी नजर पड़ी तो सभी भौचक रह गये. क्योंकि लाल कपड़े की गठरी और फाइल धूं-धूं कर जल रहे थे. जलती हुई एक फाइल पर इंद्रुख पश्चिमी लिखा हुआ था, जबकि लाल गठरी में बंधी सैकड़ों फाइल जहां जल रही थी. वहीं सैकड़ों दस्तावेज भी जल रहे थे. दस्तावेज देखने से लग रहा था कि मानों वे भूमि संबंधी थे. लोगों की सूचना पर कुछ पंचायत प्रतिनिधि भी पहुंचे. सूत्रों की माने तो वहां के प्रखंड सह अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू व कर्मचारियों से इसे लेकर जब पूछताछ की गयी तो कोई भी कुछ भी बताने से इंकार कर दिया.

अंचल कार्यालय पर लगता रहा है भ्रष्टाचार का आरोप

जमालपुर अंचल कार्यालय पर लंबे समय से जमीन के कागजात, दाखिल-खारिज और एलपीसी निर्गत करने के नाम पर घूसखोरी, अवैध वसूली और जनता को प्रताड़ित करने के आरोप लगते रहे हैं. भ्रष्टाचार के खिलाफ वार्ड पार्षदों ने धरना दिया था. भू-माफियाओं से मिलीभगत के भी गंभीर आरोप लागे थे. दाखिल-खारिज और परिमार्जन (रजिस्टर सुधार) के मामलों में मोटी रकम की मांग करने और नहीं देने पर काम महीनों लटकाने का आरोप लगता रहा है.

कहीं जांच से बचने के लिए दस्तावेजों में तो नहीं लगायी आग

यह सभी को पता है कि राज्य के उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा मुंगेर दौरा पर पहुंच रहे हैं. मंत्री के आगमन के दौरान अंचल कार्यालय को जांच से बचाने के लिए जितने भी ऐसे दस्तावेज थे. जिस कारण अंचल कार्यालय फंस सकता था, उसमें गुरुवार को ही आग लगा दिया गया. यानी न रहेंगी बांस व न बजेगी बांसुरी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >