Shravani Mela 2026: तारापुर (मुंगेर). विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के शुभारंभ से पहले ही कांवरिया पथ पर भोलेनाथ के भक्तों की आस्था देखने को मिल रही है. गिरिडीह जिले के राजधनवार बड़ा चौक निवासी तीन युवा श्रद्धालु गोलू कुमार, सानू कुमार और संदीप कुमार नंगे पैर 31 लीटर गंगाजल लेकर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम की कठिन पदयात्रा पर निकले हैं. उनकी यह अनूठी यात्रा कांवरियों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.
31 लीटर गंगाजल के साथ कर रहे कठिन यात्रा
तीनों शिवभक्त बहंगी में 31 लीटर गंगाजल लेकर यात्रा कर रहे हैं. उनका कहना है कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं बल्कि भगवान शिव के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है. पूरे मार्ग में श्रद्धालु उन्हें देखकर हर-हर महादेव के जयकारे लगा रहे हैं.
छात्र और व्यवसायी मिलकर निभा रहे आस्था का संकल्प
इनमें संदीप कुमार कक्षा 11वीं के छात्र हैं, जबकि गोलू कुमार और सानू कुमार फूलों के व्यवसाय तथा पीतल की प्रतिमा निर्माण कार्य से जुड़े हैं. उन्होंने बताया कि व्यस्त जीवन के बावजूद हर वर्ष भगवान भोलेनाथ की कृपा से यह यात्रा करने का संकल्प निभाते हैं.
दूसरे वर्ष बढ़ाया गंगाजल का भार
श्रद्धालुओं ने बताया कि वर्ष 2025 में उन्होंने 21 लीटर गंगाजल के साथ यह यात्रा शुरू की थी. इस वर्ष श्रद्धा और संकल्प को आगे बढ़ाते हुए गंगाजल की मात्रा बढ़ाकर 31 लीटर कर दी गई है. उनका कहना है कि यह यात्रा आत्मिक शांति, समाज में सनातन संस्कृति के प्रचार और विश्व कल्याण की भावना से की जा रही है.
पहले अजगैबीनाथ, फिर बाबा बैद्यनाथ धाम
तीनों श्रद्धालुओं ने बताया कि वे गिरिडीह से पैदल सुल्तानगंज पहुंचेंगे, जहां उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर बाबा अजगैबीनाथ का जलाभिषेक करेंगे. इसके बाद कच्ची कांवरिया पथ से लगभग 320 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जल अर्पित करेंगे.
कांवरिया पथ पर बन रहे आकर्षण का केंद्र
Shravani Mela 2026: 31 लीटर गंगाजल के साथ नंगे पैर यात्रा कर रहे इन युवाओं की आस्था और संकल्प को देखकर अन्य श्रद्धालु भी प्रेरित हो रहे हैं. रास्ते में लोग उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दे रहे हैं.
