हवेली खड़गपुर प्रखंड क्षेत्र की रमनकाबाद पश्चिमी पंचायत अंतर्गत बघेल कोल गांव के समीप गुरुवार को खेल के दौरान पानी से भरे गड्ढे में डूबने से आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
खेलते समय गड्ढे में गिरा मासूम
जानकारी के अनुसार बघेल कोल टोली गांव निवासी विजय टुडू का आठ वर्षीय पुत्र संजय टुडू गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. इसी दौरान वह अचानक पानी से भरे गड्ढे में गिर गया. साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी.
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद संजय को गड्ढे से बाहर निकाला और तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, हवेली खड़गपुर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
जनप्रतिनिधियों ने दी सांत्वना
घटना की सूचना मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि अमरजीत कुमार उर्फ कारू, सरपंच हरिमोहन तुरी, वार्ड सदस्य भुवनेश्वर टुडू, नरेश राय सहित कई ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी.
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
सूचना मिलने पर हवेली खड़गपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
आपदा राहत मद से मिलेगी सहायता
अंचल अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद राजस्व कर्मचारी को गांव भेजा गया है. आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार के प्रावधानों के अनुसार मृतक के परिजनों को आपदा राहत मद से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जायेगी.
