6 महीने से नल में नहीं आया पानी, बाल्टी लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, NH-80 जाम की चेतावनी

Munger News: जमालपुर प्रखंड के डकरा गांव में 'हर घर नल का जल' योजना की बदहाली से ग्रामीण परेशान हैं. 5-6 महीने से नियमित जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है. नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और NH-80 जाम करने की चेतावनी दी है.

Munger News: जमालपुर प्रखंड की इंदरुख पश्चिम पंचायत के डकरा सात खजुरिया गांव में मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी हर घर नल का जल योजना की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है. गंगा तटवर्ती क्षेत्र के वार्ड संख्या-8 में पिछले पांच-छह महीने से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने के कारण ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो गया है. स्थिति यह है कि लोगों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पार कर वार्ड संख्या-6 से पानी लाना पड़ रहा है.

बाल्टी लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण

सोमवार को पेयजल संकट से नाराज बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा बाल्टी लेकर सड़क पर उतर आए. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की. लोगों का कहना था कि गर्मी और उमस के बीच पानी की समस्या ने उनकी मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं.

तीन हॉर्स पावर की जगह लगाया गया एक हॉर्स पावर का मोटर

प्रदर्शन में शामिल राहुल कुमार पटेल, उचित भाई पटेल, मोना देवी, आशा देवी, बबिता देवी, सुरजीत कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव की जलापूर्ति के लिए लगाया गया तीन हॉर्स पावर का मोटर कई महीने पहले खराब हो गया था. आरोप है कि पीएचईडी विभाग ने उसकी जगह केवल एक हॉर्स पावर का मोटर लगा दिया. कम क्षमता वाले मोटर के कारण पानी का प्रेशर काफी कम हो गया है और अधिकांश घरों तक पानी पहुंच ही नहीं रहा.

कहीं बूंद-बूंद पानी, तो कहीं पूरी तरह बंद आपूर्ति

ग्रामीणों के अनुसार कुछ घरों में केवल बूंद-बूंद पानी आता है, जबकि कई घरों में कई महीनों से नल पूरी तरह सूखे पड़े हैं. पानी नहीं मिलने से महिलाओं और बच्चों को रोज लंबी दूरी तय कर पानी लाना पड़ रहा है. इससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है.

बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लोगों का आरोप है कि विभाग ने केवल खानापूर्ति की और मूल समस्या का समाधान नहीं किया.

Munger News: ग्रामीणों ने दी NH-80 जाम करने की चेतावनी

ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि जल्द ही तीन हॉर्स पावर का नया मोटर लगाकर नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे राष्ट्रीय राजमार्ग-80 को जाम कर आंदोलन तेज करेंगे. उनका कहना है कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी.

Munger News: सरकार की योजना पर उठ रहे सवाल

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी हर घर नल का जल योजना का लाभ गांव के लोगों तक नहीं पहुंच रहा है. अधिकारियों की लापरवाही के कारण लोगों को बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. इससे सरकार की महत्वाकांक्षी योजना की छवि भी प्रभावित हो रही है.

जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर पीएचईडी विभाग को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है. उनका कहना है कि जल्द स्थायी समाधान कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: भागलपुर स्टेशन पर शुरू हुआ स्लीपिंग पॉड यात्री निवास की सुविधा, 46 बेड की सुविधा, दो स्पेशल ट्रेनों पर भी बड़ा अपडेट



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >