सिविल सर्जन ने सभी प्रखंडों के अधिकारियों के साथ की रिव्यू बैठक, दिये कई निर्देश
मुंगेर. प्री-फैब्रिकेटेड अस्पताल स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से शनिवार को सिविल सर्जन डॉ राजू ने प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक और लेखापाल के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बैठक की. इस दौरान भाव्या और उसके मॉड्यूल पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की. साथ ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अस्पताल में आने वाले किसी भी मरीज के पास यदि एंड्रायड मोबाइल नहीं है, तो उसे वापस नहीं भेजना है. संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी सुनिश्चित करेंगे कि ऐसे मरीजों का निबंधन किया जाये. इसके लिए सभी डाटा ऑपरेटरों को निर्देशित करेंगे. साथ ही अपने स्तर से भी नियमित रूप से इसकी जांच करेंगे. उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल की रैंकिंग भव्या में कम है. जिसे उपाधीक्षक बढ़ाना सुनिश्चित करेंगे. इसके अतिरिक्त सिविल सर्जन ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता में मुंगेर सूबे में लगातार तीन माह से पहले स्थान पर है, जबकि शनिवार को साप्ताहिक रैंकिंग में भी मुंगेर पहले स्थान पर है. ऐसे में सभी प्रभारी अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्र में दवाओं की उपलब्धता निर्धारित रूप से रखना सुनिश्चित करेंगे. इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
उच्च गुणवत्ता वाले पेपर पर मिलेगा मरीजों का प्रिस्क्रिप्शन
समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन ने कहा कि दवा काउंटर पर मरीजों को जिस कागज पर दवा से संबंधित चिकित्सक का प्रिस्क्रिप्शन दिया जाता है, वह काफी पतला है, जिससे कई बार मरीज दवा ठीक से नहीं पढ़ पाते हैं या घर जाने तक पर्ची फट जाती है. ऐसे में अगले सप्ताह से सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को बॉन्ड पेपर अर्थात उच्च गुणवत्ता वाले पेपर पर दवा का प्रिस्क्रिप्शन दिया जायेगा. जिसके लिए सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तैयारी करेंगे. जिसके बाद सिविल सर्जन ने नियमित टीकाकरण की समीक्षा की. जिसमें उन्होंने सभी प्रखंडों को निर्देशित किया कि एचपीवी का अब नया टीका आना है. जिसका केवल एक ही डोज दिया जाना है. ऐसे में पुराने टीके के वैसे लाभुक, जिनको दूसरा डोज दिया जाना है. उसके लिए कैंप मोड में सेकेंड डोज टीकाकरण सभी प्रखंड सुनिश्चित करेंगे. इसके अतिरिक्त सिविल सर्जन ने सभी प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जिस प्रखंड में अबतक जन आरोग्य समिति का बैंक खाता नहीं खुला है. उसे एक सप्ताह के अंदर खुलवाकर इसकी सूचना मुख्यालय को देंगे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.