समृद्धि यात्रा पर 19 मार्च को मुंगेर आयेंगे मुख्यमंत्री, करोड़ों की योजनाओं का करेंगे उद्घाटन व शिलान्यास

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का समृद्धि यात्रा मुंगेर में आगामी 19 मार्च को प्रस्तावित है. इसे लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है.

– सीएम के प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने पकड़ा जोर

– सफियासराय हवाई अड्डा व पोलो मैदान में युद्ध स्तर पर चल रहा कार्य

मुंगेर. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का समृद्धि यात्रा मुंगेर में आगामी 19 मार्च को प्रस्तावित है. इसे लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है. एक ओर जहां पोलो मैदान में उनके हेलिकॉप्टर लैंडिंग के लिए हैलीपैड बना कर घेराबंदी की गयी है. वहीं दूसरी ओर मुख्य कार्यक्रम स्थल सफियासराय हवाई अड्डा पर हैंगर (पंडाल) निर्माण की तैयारी शुरू हो गयी है, जबकि प्रशासनिक अधिकारियों के बैठकों का दौर जारी है और अपनी-अपनी जिम्मेदारी को पूरा करने में अधिकारी लगे है.

करोड़ों रुपये से तैयार नवनिर्मित जिला उद्योग केंद्र भवन का करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री समृद्धि यात्रा के दौरान न सिर्फ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, बल्कि करोड़ों रुपये की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन भी करेंगे. वे पोलो मैदान में उतरने के बाद संग्रहालय के समीप करोड़ों रुपये से तैयार नवनिर्मित जिला उद्योग केंद्र भवन का जहां उद्घाटन करेंगे, वहीं उद्योग विभाग के स्टॉल का भी निरीक्षण करेंगे. प्रगति यात्रा के दौरान घोषित कष्टहरणी घाट सौंदर्यीकरण कार्यों का वे निरीक्षण करेंगे, जबकि किला क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार जिला पंचायत संसाधन केंद्र का भी उनके द्वारा उद्घाटन किया जायेगा. साथ ही सीएम भगत सिंह चौक अवस्थित पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी उद्योग के नवनिर्मित संयुक्त भवन का भी उद्घाटन करेंगे. इसे लेकर भवनों को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है.

सफियाबाद हवाई अड्डा पर जनता को करेंगे संबोधित

सीएम के संवाद यात्रा का मुख्य कार्यक्रम सफियाबाद हवाई अड्डा पर होगा. जहां पर हैंगर (पंडाल) का निर्माण कराया जायेगा. जहां से वे जनता को संबोधित करेंगे. उनके द्वारा वहीं से जिले के विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास एकीकृत रूप से किया जायेगा, जबकि वहां पर लगाये जाने वाले विभागीय प्रदर्शनी स्टाल का भी निरीक्षण करेंगे. मिली जानकारी के अनुसार, सीएम वहां पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी कर सकते हैं. इसे लेकर वहां पर अलग से अस्थाई मीटिंग हॉल भी बनाया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >