मुख्यमंत्री का मुंगेर में भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
अमित झा, मुंगेर
समृद्धि यात्रा के तहत गुरुवार को मुंगेर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जहां सरकारी व प्रशासनिक स्तर पर भव्य स्वागत किया गया. वहीं एनडीए कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह दिखा. खास कर जदयू के कार्यकर्ता अधिक उत्साहित नजर आ रहे थे. मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत हेलिकॉप्टर से पोलो मैदान स्थित हेलिपैड पर उतरे. उनके साथ राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एवं राज्य सरकार के मंत्री विजय चौधरी भी हेलिकॉप्टर से ही आये थे. हेलिपैड पर जिले के प्रभारी मंत्री संजय कुमार पासवान ने जहां मुख्यमंत्री को गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया. वहीं प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर, डीआइजी राकेश कुमार व पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने उनका स्वागत किया.
उत्साहित कार्यकर्ता कर रहे थे नारेबाजी
मुख्यमंत्री के समृद्धि यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखा. खासकर जदयू के कार्यकर्ता अधिक उत्साहित थे. माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद मुख्यमंत्री के रूप में अब उनकी इस प्रकार की यात्रा शायद नहीं हो पायेगी. कार्यकर्ता इस बात को लेकर चर्चा हो रही थी कि नीतीश कुमार लगातार विभिन्न यात्राओं के माध्यम से राज्य के प्रत्येक जिले में जो सौगात प्रतिवर्ष देते रहे हैं. वह सिलसिला अब आगे जारी रहेगा या नहीं. हवाई अड्डा मैदान में जनसंवाद के दौरान भी एनडीए के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मैदान में पहुंचे थे और उत्साहवर्धन कर रहे थे. कार्यक्रम के दौरान जहां कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार जिंदाबाद और सम्राट चौधरी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे. वहीं बार-बार ललन सिंह जिंदाबाद के भी नारे गूंजते रहे. एनडीए कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री को फूलों का बड़ी माला भी पहनायी. इसमें राज्य अल्प संख्यक आयोग के सदस्य सह भाजपा नेता प्रो अजफर शमसी, जदयू जिलाध्यक्ष सौरभ निधि, लोजपा आर के जिलाध्यक्ष प्रमोद पासवान, प्राणरंजन विकास, पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानचंद्र पटेल शामिल थे.
राणा गौरी शंकर प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक आज से की. अभी प्रभात खबर के मुंगेर कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.