असरगंज. नगर पंचायत के मुख्य बाजार स्थित चर्चित हाथीनाथ मंदिर के वार्षिकोत्सव के अवसर पर मंगलवार की देर शाम भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिगीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को झूमने पर विवश कर दिया. भजनों की गूंज और तालियों की थाप के बीच श्रोता देर रात तक भक्ति में डूबे रहे.
बाबा हाथीनाथ की वंदना से शुरू हुआ भक्ति जागरण
कार्यक्रम का शुभारंभ विजय शंकर उपाध्याय उर्फ नेता जी ने बाबा हाथीनाथ की वंदना से किया. इसके बाद गायक मनोज माही ने ‘भोलेशंकर पधारों, बैठे छुपके कहां...’ और ‘ऐसी सुबह न आए, आए न ऐसी शाम...’ जैसे भक्तिगीत प्रस्तुत किए. इन गीतों पर श्रद्धालु झूमने लगे और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया.
मनोज माही एवं विजय पेंटर ने ‘हे शंभू बाबा मेरे भोलेनाथ...’ और ‘मां शेरावालिए तेरा शेर आ गया...’ गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं. कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भक्ति और उत्साह का रंग और गहरा कर दिया.
अजय के भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु
कार्यक्रम में गायक अजय ने ‘हाथी न घोड़ा न कावनो सवारी, पैदल ही अइवों तोर दुआरी...’ और ‘मन तेरा मंदिर, आंखें दिया बाती...’ सहित कई भक्तिभजनों की प्रस्तुति दी. उनके गीतों पर श्रोता आनंदमग्न होकर भक्ति सागर में गोते लगाते रहे.
भक्ति जागरण में कलाकारों ने अपनी गायकी से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु रातभर कार्यक्रम का भरपूर लुत्फ उठाते रहे. मंदिर परिसर में भक्ति गीतों की गूंज और श्रद्धालुओं का उत्साह देर रात तक बना रहा.
‘ऐसे कार्यक्रमों से समाज में अच्छे विचारों का प्रसार होता है’
हाथीनाथ मंदिर के संचालक शिव शंकर मोदी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में अच्छे विचारों का प्रसार होता है. उन्होंने कहा कि हाथीनाथ मंदिर की आस्था और लोगों का प्यार उन्हें यहां खींच लाता है.
उन्होंने बताया कि मंदिर के वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित भक्ति जागरण श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक आनंद का अवसर बना. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और भक्तिगीतों का आनंद उठाया.
ये लोग रहे मौजूद
मौके पर असरगंज मुख्य पार्षद इंजीनियर लूसी कुमारी, डॉ. महेश साह, सुरेश साह, पप्पू सिंह, पवन राय, चंदन पूर्व, अरविंद मोदी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
