तारापुर. शकुनी चौधरी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन पार्वती नगर के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय मां पार्वती देवी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन थ्री का दूसरा प्री क्वार्टर फाइनल मैच मंगलवार को खेला गया. जिसमें बेगूसराय ने जगदीशपुर को, तो औरंगाबाद ने भागलपुर की टीम को पराजित किया.
बेगूसराय ने जगदीशपुर की टीम को 91 रनों से किया पराजित
जगदीशपुर जगुआर के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेगूसराय की टीम ने निर्धारित 15 ओवर के खेल में 7 विकेट खोकर 196 रनों का विशाल स्कोर किया. जिसमें बल्लेबाज सोना ओझा ने 24 बॉल पर शानदार 60 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगदीशपुर की टीम 11.2 ओवर में 105 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. टीम की ओर से कृष्णा दुबे ने 38 बॉल पर 66 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. इस प्रकार बेगूसराय ने जगदीशपुर की टीम को 91 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया. बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी गुड्डु यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरुस्कार समाजसेवी ई. रोहित चौधरी ने ट्रॉफी व 2 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
आजाद की ताबड़तोड़ पारी ने औरंगाबाद टीम को दिलाई जीत
दूसरे हाफ में हनी इलेवन भागलपुर बनाम मंटू इलेवन औरंगाबाद के बीच मुकाबला हुआ. भागलपुर टीम के कप्तान ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 8 विकेट खोकर 161 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया. वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी औरंगाबाद टीम के खिलाड़ी आजाद खान ने 24 बॉल पर 58 रनों की नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को पांच विकेट शेष रहते जीत दिला दिया. मैन ऑफ द मैच का पुरुस्कार आजाद खान को मुख्य अतिथि निर्मल सिंह ने ट्रॉफी और दो हजार रुपये नगद राशि देकर सम्मानित किया. मैच में अंपायर की भूमिका में विनोद माजी और अरशद अली थे. जबकि तीसरे अंपायर के रूप में दीपक सेंगर थे. मैच का आंखों देखा हाल क्षेत्र के मशहूर कॉमेंटेटर पीएन शेखर व अमित चौबे सुना रहे थे. मैच का लाइव स्कोरिंग अमित सिंह व रोहित कुमार कर रहे थे. खेल को सफल बनाने में निदेशक ई. रोहित चौधरी, सचिव धर्मेंद्र चौधरी, सौरव सिंह, कृष्णानंद चौधरी, कुणाल चौधरी, करण चौधरी, टूर्नामेंट कन्वेनर अमिताभ राजगुरु, विकास चौधरी, मो.तारिक, साहिल कुमार, राकेश कुमार की सक्रिय भागीदारी रही.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
