असामाजिक तत्वों ने बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा पर पोती कालिख, समर्थकों का हंगामा, 24 घंटे का अल्टीमेटम

Jamalpur News : जमालपुर में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा कालिख पोतने की घटना से स्थानीय लोगों में रोष है. समर्थकों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है और 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है.

Jamalpur News : जमालपुर थाना क्षेत्र के रेल इंजन कारखाना गेट संख्या 6 के पास स्थापित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर सोमवार रात किसी अज्ञात असामाजिक तत्व द्वारा कालिख पोत दी गई. मंगलवार सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी तो घटना की जानकारी तेजी से पूरे इलाके में फैल गई. इसके बाद बड़ी संख्या में बाबा साहब के समर्थक घटनास्थल पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही जमालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया. स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की कि इस घटना में शामिल लोगों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. लोगों का आरोप है कि इस तरह की हरकत शहर की शांति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश है.

24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

मौके पर मौजूद केंद्रीय प्रतिमा विसर्जन समिति के अध्यक्ष सनम कुमार उर्फ बबलू पासवान ने आरोप लगाया कि यह घटना समाज में तनाव फैलाने का प्रयास है. उन्होंने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर पुलिस दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार नहीं करती है, तो बाबा साहब के समर्थक और स्थानीय लोग जमालपुर-धरहरा मुख्य सड़क को जाम कर उग्र आंदोलन शुरू करेंगे.

सीसीटीवी फुटेज जांचने की उठी मांग

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश नेता इंद्रदेव दास ने पुलिस प्रशासन से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर घटना में शामिल लोगों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने कहा कि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई से ही लोगों का विश्वास कायम रहेगा. घटना के बाद इलाके में स्थिति पर पुलिस की नजर बनी हुई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >