हड़ताल के कारण दूसरे दिन भी बाधित रहा उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन कार्य

उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन व प्रैक्टिकल परीक्षा के बकाये राशि की मांग को लेकर बिहार राज्य संबद्ध डिग्री महाविद्यालय शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी महासंघ के बैनर तले सभी संबद्ध कॉलेजों के शिक्षक मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये है.

मुंगेर. उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन व प्रैक्टिकल परीक्षा के बकाये राशि की मांग को लेकर बिहार राज्य संबद्ध डिग्री महाविद्यालय शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी महासंघ के बैनर तले सभी संबद्ध कॉलेजों के शिक्षक मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये है. इसे लेकर दूसरे दिन बुधवार को भी शिक्षकों ने आरडी एंड डीजे कॉलेज के महिला छात्रावास में बने विश्वविद्यालय के मूल्यांकन केंद्र के बाहर धरना प्रदर्शन किया. साथ ही अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाये. इधर, हड़ताल के कारण दूसरे दिन भी उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन कार्य बंद रहा. महासंघ के मुंगेर विश्वविद्यालय अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय द्वारा कई सत्र के बकाया मूल्यांकन राशि, प्रैक्टिकल की मूल्यांकन राशि व वीक्षण कार्य की राशि अबतक शिक्षकों को नहीं दी गयी है, जबकि पूर्व में भी लंबे समय तक संबद्ध कॉलेज के शिक्षकों को इनसे संबंधित राशि नहीं दी गयी थी. इस कारण उस समय भी आंदोलन किया गया था. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को 15 मई को ही पत्र देकर अविलंब राशि देने का अनुरोध किया गया था. साथ ही 20 मई तक राशि नहीं मिलने पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की बात कही गयी थी, लेकिन इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा राशि भुगतान को लेकर उदासीन रवैया अपनाया गया. इस कारण ही अबतक शिक्षकों को राशि का भुगतान नहीं हो पाया है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के मूल्यांकन, प्रैक्टिकल व वीक्षण कार्य में संबद्ध कॉलेज के शिक्षक अहम भूमिका निभाते है, लेकिन इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन इसके राशि भुगतान में बार-बार टालमटोल रवैया अपनाता है. जो गलत है. अध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार को कुलपति व परीक्षा नियंत्रक से भी वार्ता हुई थी, लेकिन वार्ता में कोई निर्णय नहीं हो पाया. ऐसे में अब अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रखने का निर्णय लिया गया है. मौके पर अखिलेश्वर प्रसाद सिंह, पशुपति पांडे, ललन कुमार शर्मा, भवानी शंकर सहाय, डॉ अरुण कुमार शर्मा, संजय कुमार वैश्य, वीरेंद्र प्रसाद सिंह, प्रो. राजीव नयन आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT JHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >