धरहरा (मुंगेर) : प्रखंड के मोहनपुर एवं बड़ी गोविंदपुर गांव में सोमवार की देर रात भीषण अगलगी की घटना में जहां 14 घर जलकर राख हो गये. वहीं आग की चपेट में आने से दो सगी बहनों की मौत हो गयी. 50 बकरियां एवं एक बछड़ा के भी जलने से मौत हुई.
मंगलवार की दोपहर तक आग बुझाने का कार्य चल रहा था. जिलाधिकारी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एसपी आशीष भारती एवं एसडीओ कुंदन कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच कर तत्काल पीडि़त परिवार को राहत सामग्री उपलब्ध करायी. मोहनपुर गांव में सोमवार की रात 12 बजे पछुआ हवा के तेज झोकें के बीच फूस के घर में आग लग गयी. देखते ही देखते 12 घरों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटों से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गया.
दिनेश यादव की पत्नी सरिता देवी बच्चों के साथ घर में थी. आग की लपटों के बीच सरिता अपने दूध मुंहा बच्चे को लेकर घर से बाहर भाग आयी. लेकिन उसकी दो पुत्री ललिता एवं सुगनी की घर में ही झुलस कर दम तोड़ दी.
