जमालपुर : जमालपुर से मुंगेर रेल पुल होकर पूर्व मध्य रेलवे के खगडि़या एवं बेगूसराय के लिए ट्रेन परिचालन की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. पिछले 19 मार्च को रेलवे संरक्षा आयुक्त प्रमोद कुमार आचार्या ने अपने दल बल के विशेषज्ञों के साथ ही इस रेलखंड पर स्पीड ट्रायल का भी निरीक्षण कर लिया. जिस क्रम में मुंगेर रेल पुल पर लगभग एक सौ किलो मीटर प्रति घंटा के अधिक स्पीड से इंस्पेक्शन ट्रेन को भी दौड़ा लिया गया है.
परंतु इस रेलखंड पर अबतक सिगनल का कार्य पूरा नहीं हो पाया है. मालपुर से मुंगेर रेलवे स्टेशनों के बीच पूर्व रेलवे के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत कुल पांच स्थानों पर सिगनल की स्थापना की गयी है. इनमें पहला सिगनल जमालपुर रेलवे स्टेशन का स्टाटर सिगनल होगा. जबकि इस रेलवे ट्रैक पर सफियाबाद के निकट बनाया गया लेबल क्रॉसिंग गेट नंबर एक पर दूसरा सिगनल होगा. इसी प्रकार आरडी एंड डीजे कॉलेज के निकट बनाये गये रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर दो पर तीसरा सिगनल होगा.
जबकि चौथा सिगनल मुंगेर रेलवे स्टेशन के नये भवन का होम सिगनल होगा तो पूर्व रेलवे का अंतिम सिगनल मुंगेर रेलवे स्टेशन का स्टाटर सिगनल होगा. जिसे पूरा करने के लिये सिगनल व टेलिकॉम विभाग के कर्मचारी जी जान से जुटे हुए हैं.
