मुंगेर : अगले वर्ष होने वाले पंचायत चुनाव की तैयारी को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गयी. उसकी अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी ईश्वर चंद्र शर्मा ने की. बैठक में जिले के 101 पंचायत में 10 चरणों में पंचायत चुनाव कराने का प्रस्ताव लिया गया.
मौके पर पुलिस अधीक्षक वरुण कुमार सिन्हा एवं उपविकास आयुक्त रामेश्वर पांडेय मुख्य रूप से मौजूद थे. पंचायत चुनाव को लेकर आयोजित बैठक में कहा गया कि मुंगेर जिले के 9 प्रखंडों के 101 पंचायत को दस भागों में विभक्त कर चुनाव कराने की रूपरेखा बनायी जाय. ताकि चुनाव शांतिपूर्ण स्वच्छ व निष्पक्ष कराया जा सके.
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पंचायत चुनाव को लेकर विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की. उन्होंने कहा कि मुंगेर जिले के मुंगेर सदर व बरियारपुर प्रखंड के कई पंचायत जहां दियारा क्षेत्र में है. वहीं धरहरा, खड़गपुर व टेटियाबंबर प्रखंड के कई पंचायत नक्सल प्रभावित हैं. इसलिए इन पंचायतों में चुनाव को लेकर विशेष व्यवस्था की आवश्यकता होती है.
इसलिए जरूरी है कि क्रमवार चुनाव तिथि का प्रारूप तैयार किया जाय. इस मौके पर जिले में इंदिरा आवास, मनरेगा, कृषि, डीजल अनुदान, कूपन वितरण से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गयी. बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय उपसमाहर्ता प्रतिभा कुमारी सहित जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी मौजूद थे.
