मुंगेर : असरगंज प्रखंड के सजुआ गांव निवासी 15 वर्षीय छात्र कुंदन कुमार की निर्मम हत्या के मामले में अबतक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है.
वैसे इस मामले में पुलिस कांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. लेकिन क्षेत्र में मुख्य आरोपी पवन यादव की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गयी है और लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. विदित हो कि 2 नवंबर को प्रेम में बाधक बन रहे सजुआ गांव निवासी शंभु यादव के इकलौता पुत्र सातवीं कक्षा का छात्र कुंदन कुमार को अपराधियों ने बुलाकर उसकी गरदन काट कर हत्या कर दी थी.
हत्यारों ने बालक कुंदन के धर से सर को अलग कर धान के खेत में फेंक दिया था और सर को जमीन के अंदर गाड़ दिया था. लेकिन हत्याकांड में शामिल धनराज यादव ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर पवन के मनसूबों पर पानी फेर दिया. उसी ने बताया कि पवन का प्रेम मृतक की बहन से था और मृतक हमेशा पवन का विरोध करता था. जिसके कारण उसकी हत्या कर दी गयी.
इधर इकलौते पुत्र की हत्या के बाद परिजनों के आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा है. मुख्य हत्यारा पवन की गिरफ्तारी नहीं होने से गांव के लोगों में आक्रोश है. लोग चर्चा कर रहे हैं कि जिस तरह से पवन ने हत्या की वह काफी खौफनाक था.
ऐसे हत्यारों को तो जमीन आसमान एक कर पुलिस को खोजना चाहिए और उसे सजा दिलानी चाहिए. अबतक दो अभियुक्त हुए गिरफ्तार छात्र कुंदन को फोन कर बुलाने वाला धनराज यादव ने अपने को पूरबसराय ओपी पुलिस के पास आत्म सर्मपण कर दिया. जिसके बाद हत्या के कारणों का पता चला और शव की बरामदगी हो सकी. उसी के निशानदेही पर अमित यादव को भी गिरफ्तार किया गया. जबकि अन्य अपराधी आज भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है.
असरगंज पुलिस ने पवन यादव के पिता मथुरी प्रसाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की. लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी. कहीं भाग तो नहीं गया पवन गिरफ्तार धनराज ने जब बताया कि पवन जमालपुर-सुपर एक्सप्रेस ट्रेन से कोलकाता जाने वाला है तो पुलिस सजग हुई. जब पता किया गया तो पवन ने टिकट कैंसिल करा लिया था. माना जाता है कि पवन किसी दूसरे गाड़ी से कोलकाता चला गया है और वहां से वह हैदराबाद चला जायेगा.
जिसके बाद पुलिस को उसे गिरफ्तार करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. प्रेमिका को हैदराबाद जाने कहता था पवन पुलिस सूत्रों की माने तो पवन यादव जिस लड़की से प्यार करता था उसे अपने साथ भागने के लिए लगातार दबाव डाल रहा था. वह लड़की को हैदराबाद लेकर जाने वाला था. लेकिन लड़की ने जब कहा कि उसका भाई सब कुछ जान गया है और हर पल उस पर नजर रखे हुए है तो पवन की नजरों में लड़की का भाई खलने लगा.
उसने कुंदन को एक साजिश के तहत बुलवाया और हत्या कर रास्ते से हटा दिया. लेकिन उसे क्या पता था कि हत्या में शामिल धनराज पूरा पोल खोल देगा. कहते हैं पुलिस अधिकारी असरगंज थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. शीघ्र ही मुख्य आरोपी पवन यादव भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
