मुंगेर : चौथे चरण में सोमवार को मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में एक ओर आसमान से आग बरस रही थी और नीचे लोकतंत्र का जयकारा लग रहा था. चिलचिलाती धूप के बावजूद मतदाताओं के कदम नहीं रुके और मुंगेर लोकसभा में प्रति घंटा मतदान का प्रतिशत बढ़ता चला गया.
लोकसभा में 55.5 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि लोकसभा चुनाव मुंगेर जिले में शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न हुआ. कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने की सूचना नहीं है. कुछ मतदान केंद्रों पर कुछ समय के लिए इवीएम खराब होने की सूचना मिली.
जिससे तत्काल ठीक लिया गया. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. जबकि नक्सल प्रभावित और अतिसंवेदनशील बूथों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गयी थी. जबकि गश्ती का भी बेहतर इंतजाम किया गया था.
चुनाव समाप्ति के उपरांत जो मतदान का प्रतिशत सामने आया है वह 55.5 प्रतिशत है. जिसमें फेर बदल हो सकता है. उन्होंने कहा कि वोट के उपरांत पोल्ड इवीएम मशीन को रखने के लिए आरडी एंड डीजे कॉलेज में वज्र गृह बनाया गया है. जहां पोल्ड इवीएम मशीन लेकर आने वाले पीसीसीपी को रिसीव करने के लिए बेहतर व्यवस्था की गयी है.
सुरक्षा की रही चाक-चौबंद व्यवस्था, सड़कों पर दौड़ते रहे अधिकारियों के वाहन: मुंगेर. शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव कराने के लिए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था.
मुंगेर व जमालपुर विधानसभा में 6500 जवानों को लगाया गया था. मतदान केंद्र पर जहां अर्धसैनिक बल के साथ ही सैप व बिहार पुलिस के जवान तैनात थे. वहीं जहां सड़कों पर अर्धसैनिक बलों की गश्ती मोटर साइकिल दौड़ रही थी. अधिकारियों के वाहनों का काफिला भी सड़कों पर दौड़ लगा रही थी.
एक-एक मतदान केंद्र पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया गया. जिला परिषद भवन स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद आयुक्त पंकज कुमार पाल, डीएम राजेश मीणा एवं एसपी गौरव मंगला का काफिला अलग-अलग क्षेत्रों में मतदान की स्थिति का जायजा लेने निकल पड़ा. आयुक्त मुंगेर के बूथों का निरीक्षण करने के उपरांत लखीसराय जिला निकल गये.
डीआइजी मनु महाराज नक्सल प्रभावित धरहरा प्रखंड के कई मतदान केंद्रों पर जाकर स्थिति का जायजा लिया. जहां से लखीसराय जिला की सीमा में प्रवेश किया. इधर डीएम राजेश मीणा और एसपी गौरव मंगला का काफिला मुंगेर एवं जमालपुर विधानसभा के अधिकांश मतदान केंद्र पर पहुंच कर मतदान का जायजा लिया. एएसपी हरिशंकर कुमार एवं एसडीओ खगेश चंद्र भी लगातार सड़कों पर घूमते रहे.
एएसपी अभियान राणा नवीन के नेतृत्व में पुलिस बल लगातार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कैंप कर रहे थे. बूथ पर स्थिति का जायजा ले रहे थे. थाना स्तर पर गश्ती की व्यवस्था की गयी थी. जबकि अर्धसैनिक बल लगातार मोटर साइकिल से सड़कों पर गश्त लगा रहे थे. सोमवार को सड़कों पर सिर्फ अधिकारियों एवं चुनाव में लगाये गये पदाधिकारियों की गाड़ी दौड़ती रही.
