Motihari News: बंजरिया थाना क्षेत्र के एनएच-28ए स्थित चैलाहां मौजे मोड़ के समीप शनिवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई. हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मुजफ्फरपुर रेफर किया गया, लेकिन वहां ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
Banjariya News: कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुआ युवक
मृतक की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के बंजरिया बाबू टोला निवासी अच्छे लाल साह के 27 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार राजेश कुमार अपनी बाइक से शंकर ढाबा की ओर से सिंघिया गुमटी ओवरब्रिज की तरफ जा रहे थे.
इसी दौरान विपरीत दिशा से सिंघिया गुमटी ओवरब्रिज की ओर से छपवा की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेश कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
डायल-112 पुलिस ने घायल को पहुंचाया सदर अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही बंजरिया थाना की डायल-112 पुलिस गाड़ी और गश्ती दल मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने तत्काल घायल राजेश कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया. परिजन उन्हें लेकर मुजफ्फरपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना मिलने के बाद बंजरिया थाना के दारोगा संतोष कुमार सदर अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
राजेश कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
कार और बाइक पुलिस ने की जब्त
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार और बाइक दोनों को जब्त कर थाना पहुंचा दिया है. पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना में कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है.
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में खिलाड़ियों को धमकी और अवैध कमेटी के आरोप पर खेल विभाग सख्त, जांच के आदेश
