हरपुर बॉर्डर पर यूक्रेन की महिला गिरफ्तार,बिना वैध दस्तावेज नेपाल भागने की कोशिश नाकाम

पूर्वी चंपारण के हरपुर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है. भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर यूक्रेन की एक महिला को बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के गिरफ्तार किया गया है. वह चुपके से नेपाल भागने की फिराक में थी.

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

Border Arrest Motihari: पूर्वी चंपारण जिले के हरपुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है.यहां पुलिस और एसएसबी (SSB) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर यूक्रेन की एक महिला नागरिक को गिरफ्तार किया है.महिला पर बिना किसी वैध पासपोर्ट,वीजा या आव्रजन दस्तावेजों के भारत में अवैध रूप से रहने और हरपुर बॉर्डर के रास्ते चुपके से नेपाल भागने का प्रयास करने का गंभीर आरोप है.

सैनिक रोड के समीप संयुक्त जांच में पकड़ी गई विदेशी महिला 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सैनिक रोड के समीप सुरक्षा बलों द्वारा एक संयुक्त विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान सुरक्षा कर्मियों की नजर एक संदिग्ध विदेशी महिला पर पड़ी,जो सीमा पार करने की फिराक में थी. सुरक्षा बलों ने जब उसे रोककर कड़ाई से पूछताछ की और उससे जुड़े जरूरी दस्तावेजों की मांग की,तो वह भारत में रहने या सीमा पार करने से संबंधित कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सकी. इसके बाद सुरक्षा बलों ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया.

एसपी स्वर्ण प्रभात बोले- सभी पहलुओं की गहनता से हो रही जांच 

महिला की पहचान और उसके पास से मिले सामानों की जांच के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की पुष्टि करते हुए पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने बताया कि विदेशी नागरिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार यूक्रेन की महिला से विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं. पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि वह भारत कब और कैसे आई,यहां कहां-कहां ठहरी थी और उसके बिना कागजात नेपाल जाने का मुख्य उद्देश्य क्या था.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >