जंगल में घास काटने गए बुजुर्ग पर बाघ ने किया जानलेवा हमला, बसंतपुर के पास मिला शव

नेपाल के पर्सा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना में, जंगल में घास काटने गए 70 वर्षीय बुजुर्ग को एक बाघ ने अपना शिकार बना लिया. इस खौफनाक हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे सीमावर्ती इलाकों में दहशत फैल गई है.

Tiger Attack: रक्सौल से सटे नेपाल के पर्सा जिले में बाघ के खूनी हमले की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जिराभवानी गांवपालिका क्षेत्र अंतर्गत जंगल में घास काटने गए एक 70 वर्षीय वृद्ध को आदमखोर बाघ ने अपना शिकार बना लिया. इस दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान जिराभवानी गांवपालिका वार्ड नंबर 2, काठमांडू टोल निवासी 70 वर्षीय नथुनी मिर्दाहा थारू के रूप में की गई है.

Raxaul Border News: बुधवार सुबह घास काटने जंगल गए थे बुजुर्ग

पुलिस कार्यालय पटेरवा सुगौली के प्रहरी निरीक्षक सम्मुनत अधिकारी ने बताया कि नथुनी मिर्दाहा थारू बुधवार की सुबह करीब 10 बजे अपने मवेशियों के लिए घास काटने नजदीकी जंगल की ओर निकले थे. जब देर शाम तक वे अपने घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के सरेह और वन क्षेत्रों में उनकी खोजबीन शुरू कर दी.

बसंतपुर वन कार्यालय के पास क्षत-विक्षत मिला शव

लगातार खोजबीन के बाद गुरुवार शाम सब-डिवीजन वन कार्यालय, बसंतपुर से करीब 500 मीटर अंदर घने जंगल में बुजुर्ग का शव बरामद हुआ. घटनास्थल के हालात और शव पर गहरे पंजों व दांतों के निशानों को देखकर पुलिस और वन विभाग ने पुष्टि की कि बुजुर्ग की जान बाघ के हिंसक हमले में ही गई है. इस खौफनाक मंजर को देखकर ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

जिला प्रहरी कार्यालय पर्सा के अनुसार, पंचनामा तैयार करने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए वीरगंज स्थित नारायणी अस्पताल भेजा गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. घर का मुखिया छिन जाने से परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे गांव में मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है.

सीमावर्ती इलाकों में बाघ की दहशत, अलर्ट जारी

इस घटना के बाद भारत-नेपाल सीमा से सटे जंगल और रिहायशी इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है. पुलिस और वन विभाग की टीम जंगल में बाघ की गतिविधियों पर नजर रख रही है. अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों को आगाह करते हुए जंगल की ओर अकेले न जाने और सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी है

यह भी पढ़ें... समस्तीपुर: बच्चों के विवाद में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से पीटकर बुजुर्ग महिला की हत्या

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >