Motihari Child drowning: मोतिहारी जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र स्थित घोडमरवा गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया. अपने घर के दरवाजे पर खेल रहा तीन वर्षीय मासूम अचानक अनियंत्रित होकर पास ही बह रही दुधौरा नदी में जा गिरा, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई. मृत बच्चे की पहचान घोडमरवा गांव निवासी सुधन कुमार के 3 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई है.
यह भी पढ़ें... पूजा के दौरान पीपल की डाल गिरने से बड़ा हादसा, दो बच्चों की मौत, आठ घायल
परिजनों की खोजबीन के बाद ग्रामीणों ने नदी से बरामद किया शव
घटना के समय मासूम का घर नदी के समीप होने के कारण वह खेलते-खेलते पानी की ओर चला गया. जब काफी देर तक बच्चा घर के आसपास दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. काफी तलाश के बाद ग्रामीणों ने दुधौरा नदी से बच्चे का शव बाहर निकाला. मासूम का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, सरकारी नियमानुसार मिलेगा मुआवजा
सूचना मिलते ही बंजरिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. वहीं, अंचलाधिकारी (सीओ) कृष्ण प्रताप सिंह ने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाया जाएगा.
