घर से एक साथ लापता हुईं तीन नाबालिग छात्राएं, गोरखपुर रेलवे स्टेशन से पुलिस ने खोज निकाला

हरसिद्धि से एक साथ लापता हुई तीन नाबालिग छात्राओं को पुलिस ने 36 घंटे के भीतर गोरखपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में एक युवक को भी गिरफ्तार किया है, जिसने छात्राओं को नौकरी दिलाने का झांसा दिया था.

Motihari News: हरसिद्धि. थाना क्षेत्र के मठ लोहियार पंचायत के छतवनिया गांव से एक साथ लापता हुईं तीन नाबालिग छात्राओं को हरसिद्धि पुलिस ने करीब 36 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस ने मामले में चंदन कुमार नामक 24 वर्षीय युवक को भी गिरफ्तार किया है. तीनों छात्राओं की बरामदगी गोरखपुर रेलवे स्टेशन से की गयी. पुलिस के अनुसार, युवक पर छात्राओं को कपड़े की दुकान में काम दिलाने का झांसा देकर गोरखपुर ले जाने का आरोप है.

एक साथ लापता हुई थीं तीनों छात्राएं

तीनों छात्राओं के एक साथ गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. एसपी को जानकारी देने के बाद तत्काल विशेष टीम गठित की गयी.

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस टीम ने शुरुआत से ही वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर छात्राओं की तलाश शुरू की.

साइकिल से निकलीं, सुगौली से ट्रेन पकड़कर पहुंचीं मुजफ्फरपुर

पुलिस जांच में पता चला कि तीनों छात्राएं घर से साइकिल से निकली थीं. घर में माता-पिता से विवाद के बाद वे हरसिद्धि पहुंचीं और वहां से टेंपो लेकर सुगौली रेलवे स्टेशन गयीं.

इसके बाद ट्रेन से मुजफ्फरपुर पहुंचीं. मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर एक छात्रा ने चंदन कुमार से मोबाइल फोन लेकर अपने परिजनों को फोन कर पूरी जानकारी दी.

मुजफ्फरपुर में नहीं मिलीं, फिर गोरखपुर का मिला सुराग

छात्राओं के परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल मुजफ्फरपुर में छापेमारी की. हालांकि वहां से छात्राएं और आरोपी युवक नहीं मिले.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चंदन कुमार ने बताया कि वह छात्राओं को कपड़े की दुकान में काम दिलाने का झांसा देकर गोरखपुर ले गया था. छात्राएं जब पुलिस के संपर्क में आने का प्रयास करती थीं, तो वह उन्हें दूसरी जगह ले जाता था और पुलिस को जानकारी नहीं देने के लिए समझाता था.

वीडियो कॉल ने खोली लोकेशन की राह

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक छात्राओं के परिजनों और पुलिस अधिकारियों के संपर्क में भी था. पुलिस ने जब उससे फोन पर संपर्क किया तो उसने वीडियो कॉल रिसीव किया.

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उसका स्क्रीनशॉट लिया. इससे उसकी पहचान और संभावित लोकेशन की पुष्टि करने में मदद मिली. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर गोरखपुर में कार्रवाई की.

गोरखपुर रेलवे स्टेशन से तीनों बरामद

तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की और तीनों नाबालिग छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया. मौके से चंदन कुमार को भी गिरफ्तार किया गया.

पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, इसी फोन से वह छात्राओं के परिजनों और पुलिस अधिकारियों से लगातार बातचीत कर रहा था.

36 घंटे में बरामदगी पर पुलिस टीम को बधाई

तीनों छात्राओं को बरामद करने के बाद उन्हें हरसिद्धि थाना लाया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्राओं को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया की जा रही है.

घटना के महज 36 घंटे के भीतर तीनों नाबालिगों की सकुशल बरामदगी पर एसडीपीओ प्रियंका कुमारी ने हरसिद्धि थाना पुलिस टीम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि तकनीकी अनुसंधान और तत्पर कार्रवाई के आधार पर पुलिस ने छात्राओं को सुरक्षित बरामद करने में सफलता हासिल की.

कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुनील कुमार, पर्यवेक्षी पदाधिकारी अजय कुमार, अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, प्रीतम कुमार, अंकित कुमार, सौरभ कुमार, सोनी कुमारी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे.

यह भी पढ़ें: ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी खाली हाथ लौट रहे किसान, यूरिया के लिए दुकान-दुकान भटकने की मजबूरी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >