54 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, वैगनआर कार और नकदी भी जब्त

पूर्वी चंपारण में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 54 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मौके से एक कार, नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.

सिकरहना: पूर्वी चंपारण में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. कुंडवा चैनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 54 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से एक वैगनआर कार, 10,800 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है.

गुप्त सूचना पर बसंत चौक में हुई कार्रवाई

थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि बसंतपुर से एक चारपहिया वाहन में गांजा लोड कर चकिया ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. इसके बाद बसंत चौक के पास सैनिक रोड पर वाहन की घेराबंदी कर छापेमारी की गई.

वैगनआर से बरामद हुआ 54 किलो गांजा

छापेमारी के दौरान पुलिस ने वैगनआर कार से कमलेश कुमार और संजय कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया. तलाशी में कार से 54 किलो गांजा बरामद हुआ. साथ ही 10,800 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए.

पूछताछ के बाद तीसरा आरोपित भी गिरफ्तार

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि गांजा बसंतपुर निवासी विनोद मुखिया के यहां से लोड किया गया था. इसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विनोद मुखिया को भी गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चकिया थाना क्षेत्र के गंगा सिरिसिया निवासी कमलेश कुमार, मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया निवासी संजय कुमार तिवारी और कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी विनोद मुखिया के रूप में हुई है.

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

छापेमारी टीम में डीएसपी अभिषेक कुमार, थानाध्यक्ष राहुल कुमार, पुलिस निरीक्षक धनंजय कुमार निर्दोष, एएसएचओ रमेंद्र कुमार, पुअनि नवीन कुमार, सअनि विकास कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.

यह भी पढ़ें: सुगौली के पास वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव, C-4 कोच का शीशा चकनाचूर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raj kishor giri

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >