मोतिहारी में कोर्ट के लंबित मामलों पर SP सख्त, गवाही से वारंट-कुर्की तक होगी तेजी

मोतिहारी पुलिस अब न्यायालयों में लंबित मामलों के निपटारे में गति लाएगी. एसपी स्वर्ण प्रभात ने गवाहों की गवाही से लेकर वारंट, इश्तेहार और कुर्की तामिल तक हर स्तर पर कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया है. यह कदम न्याय प्रक्रिया को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.

Motihari News: न्यायालय में लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर मोतिहारी पुलिस अब और तेजी से कार्रवाई करेगी. गवाहों की गवाही सुनिश्चित कराने से लेकर सम्मन, वारंट, इश्तेहार और कुर्की के तामिले तक हर स्तर पर कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश एसपी स्वर्ण प्रभात ने दिया है. शनिवार को पुलिस केंद्र, मोतिहारी में एसपी की अध्यक्षता में अभियोजन शाखा की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में न्यायालय से जुड़े मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गयी.

कोर्ट के लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश

बैठक के दौरान न्यायालय से जारी आदेशिकाओं के तामिले की स्थिति की समीक्षा की गयी. एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि न्यायालय की प्रक्रिया को लंबित रखने की प्रवृत्ति पर रोक लगायी जाये. उन्होंने कोर्ट से संबंधित सभी लंबित मामलों में अपेक्षित कार्रवाई समय पर पूरी करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा.

गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने पर जोर

विचारण के दौरान गवाहों की उपस्थिति समय पर सुनिश्चित कराने को लेकर भी विशेष निर्देश दिया गया. एसपी ने कहा कि गवाही में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए. मामलों से संबंधित आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के साथ उसकी रिपोर्ट भी नियमित रूप से न्यायालय को भेजी जाये, ताकि लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आ सके.

आरोप पत्र में गवाहों के मोबाइल और आधार नंबर होंगे दर्ज

एसपी ने आरोप पत्र की गुणवत्ता और उसमें दर्ज सूचनाओं की भी समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि आरोप पत्र में गवाहों के मोबाइल नंबर और आधार नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किये जाएं. इससे जरूरत पड़ने पर गवाहों से संपर्क करने और उनकी न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराने में परेशानी नहीं होगी.

नीलाम पत्र वादों के बकायेदार भी पुलिस के रडार पर

बैठक में न्यायालय से निर्गत नीलाम पत्र वादों के निष्पादन को लेकर भी गंभीरता दिखाई गयी. एसपी ने बकायेदारों के विरुद्ध अभियान चलाकर लंबित मामलों का निष्पादन कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अभियोजन से जुड़े सभी लंबित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाये.

वारंट, इश्तेहार और कुर्की के तामिले में आयेगी तेजी

एसपी ने कोर्ट से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लंबित वारंट, इश्तेहार और कुर्की के मामलों के तामिले में तेजी लाने को कहा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि न्यायालय में चल रहे मामलों में पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई समय पर पूरी हो और किसी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं हो.

बैठक में अभियोजन शाखा प्रभारी, कोर्ट प्रभारी, कोर्ट नायब, अपर थानाध्यक्ष, थाना लेखक सहित संबंधित पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: UP के लखनऊ में 1.5 करोड़ की चोरी कर रून्नीसैदपुर में छिपी थी महिला, डिलीवरी बॉय बनकर पुलिस ने दबोचा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amresh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >