मोतिहारी गुड न्यूज: महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एंजेसीयू) के गांधी एवं शांति अध्ययन विभाग के छह शोधार्थियों ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. विभाग के इन शोधार्थियों का चयन देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और बिहार के राज्य विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक के पद पर हुआ है. इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय और विभाग में खुशी का माहौल है.
देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में चयन
विभाग के शोधार्थी कुशांक कुमार का चयन आईआईएमटी विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा कैंपस में सहायक प्राध्यापक पद पर हुआ है. वहीं गुलशन कुमार का चयन मैट्स विश्वविद्यालय, रायपुर में सहायक प्राध्यापक के पद पर हुआ है. दोनों की नियुक्ति को विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है.
चार शोधार्थियों को मिली सफलता
बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग की ओर से आयोजित भर्ती प्रक्रिया में विभाग के चार शोधार्थियों का भी चयन हुआ है. नवीन कुमार, आशुतोष, सुधा कुमारी और जुगनू आरा ने सहायक प्राध्यापक पद के लिए सफलता हासिल की है. इनका चयन बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों में हुआ है.
विभागाध्यक्ष ने क्या कहा?
विभागाध्यक्ष प्रो. सुनील महावर ने सभी चयनित शोधार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है. उन्होंने कहा कि विभाग विद्यार्थियों को ऐसा अकादमिक वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास करता है, जहां स्वतंत्र चिंतन, शोध उत्कृष्टता और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को बढ़ावा मिले.
उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित शोधार्थी अपने-अपने संस्थानों में बेहतर शिक्षण और शोध कार्य के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे.
कुलपति ने भी दी शुभकामनाएं
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने भी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां किसी भी विश्वविद्यालय की वास्तविक पहचान होती हैं. विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है.
शिक्षकों और शोधार्थियों में खुशी
विभाग के शिक्षक डॉ. जुगल किशोर दधीच, डॉ. अंबिकेश त्रिपाठी और डॉ. अभय विक्रम सिंह समेत अन्य विभागों के शिक्षकों डॉ. नरेंद्र सिंह, डॉ. अनुपम कुमार वर्मा, डॉ. कैलाश प्रधान और डॉ. नरेंद्र कुमार आर्य ने चयनित शोधार्थियों को शुभकामनाएं दीं. शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने भी इस उपलब्धि को विभाग के लिए प्रेरणादायक बताया.
शिक्षकों ने कहा कि छह शोधार्थियों की सफलता से विभाग के वर्तमान विद्यार्थियों और शोधार्थियों को नई ऊर्जा मिलेगी. यह उपलब्धि उन्हें उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने तथा नए मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगी.
यह भी पढे़ं: मोतिहारी में जनगणना कर्मियों को फ्रॉड कॉल, शिक्षक और BLO से OTP मांगने पर मचा हड़कंप
