Motihari: स्कूटी सवार भाई-बहनों को ट्रक ने कुचला, भाई की मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया

चकिया में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से 10 वर्षीय छात्र हिमांशु की मौके पर मौत हो गई. स्कूटी पर सवार उसकी दोनों बहनों का इलाज चल रहा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.

Motihari News: चकिया. स्थानीय केसरिया रोड स्थित शीतलपुर बाजार के पास शनिवार शाम अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी सवार भाई-बहनों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में थाना क्षेत्र के कोयला बेलवा वार्ड नंबर निवासी लखिन्द्र प्रसाद यादव के 10 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी. स्कूटी पर सवार उसकी दोनों बहनें घायल हो गयीं. घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. आक्रोशित लोगों ने करीब डेढ़ घंटे तक चकिया-केसरिया पथ जाम कर दिया.

Chakia News: ट्रक की चपेट में आने से 10 वर्षीय छात्र की मौत

बताया जाता है कि हिमांशु कुमार चकिया स्थित सेंट थॉमस स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था. वह प्रतिदिन की तरह शनिवार को अपनी बड़ी बहन डेजी और गुड़िया के साथ स्कूटी से स्कूल से घर लौट रहा था.

इसी दौरान शीतलपुर बाजार के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे की ओर आ गया. ट्रक को अपनी तरफ आते देख स्कूटी का नियंत्रण बिगड़ गया और स्कूटी सड़क पर गिर गयी. इसी दौरान हिमांशु ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.

दोनों बहनों का चल रहा इलाज

हादसे में स्कूटी पर सवार हिमांशु की दोनों बहनें भी घायल हो गयीं. दोनों का इलाज कराया जा रहा है. उनकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है.

घटना के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया.

टायर जलाकर सड़क पर किया प्रदर्शन

हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने चकिया-केसरिया पथ पर टायर जलाकर यातायात बाधित कर दिया. लोग घटनास्थल पर वरीय पदाधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे.

सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे. लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया, जिसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद सड़क पर यातायात बहाल हो सका.

हिमांशु की मौत से परिवार में मचा कोहराम

हिमांशु की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया. मां बबीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के इकलौते नौनिहाल की मौत के बाद कोयला बेलवा में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

नो एंट्री को लेकर लोगों ने उठाये सवाल

घटनास्थल पर आक्रोशित लोगों ने भारी वाहनों के परिचालन को लेकर सवाल उठाये. लोगों का कहना था कि पुलिस अधीक्षक की ओर से नो एंट्री लगाए जाने की घोषणा के बावजूद भारी वाहनों का परिचालन धड़ल्ले से हो रहा है.

स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में बार-बार दुर्घटनाएं होने के बावजूद भारी वाहनों के परिचालन को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है. लोगों ने व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर भविष्य में भी ऐसी घटनाओं की आशंका जतायी.

ट्रक कब्जे में, आगे की कार्रवाई जारी

थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें: डायबिटीज के मरीजों में बढ़ रहा लीवर फाइब्रोसिस और सिरोसिस का खतरा, 10 साल से अधिक पुराने मरीज रहें सतर्क


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nirmal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >