3 दिन से लापता मासूम का सुनसान घर में मिला शव, सिमरा की घटना से मचा हड़कंप

नेपाल के बारा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां तीन दिनों से लापता तीन वर्षीय मासूम बच्ची गरिमा चौधरी का शव एक सुनसान मकान से बरामद किया गया है. शव नग्न अवस्था में मिला है, जिससे दुष्कर्म के बाद हत्या की प्रबल आशंका जताई जा रही है.

Raxaul News: भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के बारा जिला अंतर्गत जीतपुरसिमरा उपमहानगरपालिका-1 सिमरा से पिछले तीन दिनों से लापता तीन वर्षीय मासूम बच्ची गरिमा चौधरी का शव मंगलवार शाम बरामद कर लिया गया. बच्ची का शव उसके घर से करीब 150 मीटर दूर भक्तिटोल स्थित एक सुनसान और बंद पड़े मकान से नग्न अवस्था में मिला. शव मिलने की सूचना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है.

तीन दिन पहले रविवार सुबह घर से लापता हुई थी मासूम

पुलिस के अनुसार, मृतका गरिमा चौधरी स्थानीय मनोज चौधरी की तीन वर्षीय पुत्री थी.

वह रविवार सुबह अचानक अपने घर के पास से लापता हो गई थी. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका था. मंगलवार शाम जब पड़ोस के एक खाली मकान से तेज दुर्गंध आने लगी, तो स्थानीय लोगों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा. अंदर बच्ची का शव पड़ा देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया.

पांच महीने से खाली पड़े मकान में मिला नग्न शव

जिस मकान से बच्ची का शव बरामद हुआ है, वह पिछले करीब पांच महीने से पूरी तरह खाली था और उसके दरवाजे पर ताला भी नहीं लगा था.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो बच्ची का शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला, जबकि उसके कपड़े भी उसी कमरे के अंदर बिखरे पाए गए. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

दुष्कर्म के बाद हत्या की प्रबल आशंका

इलाका प्रहरी कार्यालय सिमरा के डीएसपी दिलीप क्षेत्री ने बताया कि शव नग्न अवस्था में मिलने और कपड़े वहीं पड़े होने से दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.

पुलिस के अनुसार, शव काफी सूज चुका था और बच्ची के निजी अंगों पर गंभीर चोट के निशान भी पाए गए हैं. डीएसपी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और वास्तविक स्थिति की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.

फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने में जुटी नेपाल पुलिस

घटनास्थल की भयावह स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और गहनता से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

वारदात के बाद से सिमरा और आसपास के इलाकों में लोगों में भारी गुस्सा है. पुलिस ने संदिग्धों की तलाश और धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: मीटर को किया बाईपास, बिजली चोरी करते पकड़े गए चार लोग; विभाग ने दर्ज कराया केस


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >