मोतिहारी: रक्सौल से सटे नेपाल के वीरगंज महानगरपालिका-16 स्थित इनरवा भंसार क्षेत्र के दो होटलों में पुलिस ने छापेमारी कर पांच महिलाओं समेत आठ लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने अभिषेक होटल और बेदामी होटल में कार्रवाई की. यह कार्रवाई होटलों में कथित अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद की गयी.
अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर हुई छापेमारी
वडा प्रहरी कार्यालय वीर्ता के पुलिस निरीक्षक विक्रम सुवेदी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दोनों होटलों में छापेमारी की. पुलिस के अनुसार, होटलों में अनैतिक गतिविधियां होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई की.
छापेमारी के दौरान हिरासत में लिए गए आठ लोगों में दो भारतीय महिलाएं और दो भारतीय पुरुष शामिल हैं. पुलिस ने हिरासत में लिए गए अन्य चार लोगों की पहचान तत्काल सार्वजनिक नहीं की है.
हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी
छापेमारी के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही आवश्यक जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस ने मामले में हिरासत में लिए गए लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.
होटल संचालकों में मचा हड़कंप
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इनरवा भंसार क्षेत्र के होटल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है. पुलिस ने होटल संचालकों को कानून के दायरे में रहकर व्यवसाय संचालित करने की चेतावनी दी है.
यह भी पढ़ें
पूर्वी चंपारण: रक्सौल में विदेशी पिस्टल के साथ 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
