PDS dealer recruitment: मोतिहारी जिला आपूर्ति कार्यालय, पूर्वी चंपारण द्वारा जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेता के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया तेज कर दी गई है. जिलाधिकारी (डीएम) सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में आयोजित जिला चयन समिति की उच्चस्तरीय बैठक के बाद जिले के चारों अनुमंडलों की औपबंधिक वरीयता सूची (प्रोविजनल मेरिट लिस्ट) जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है.
92 पदों के लिए प्राप्त हुए 813 आवेदन
पूर्वी चंपारण जिले में कुल 92 रिक्त पदों के विरुद्ध प्रशासन को कुल 813 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं. अनुमंडलवार प्राप्त आवेदनों का विवरण इस प्रकार है:
- सदर मोतिहारी: 39 रिक्त पदों के लिए 219 आवेदन आए हैं.
- पकड़ीदयाल: 10 रिक्त पदों के लिए 181 आवेदन मिले हैं.
- अरेराज: 25 रिक्त पदों के लिए 214 आवेदन प्राप्त हुए हैं.
- सिकरहना: 18 रिक्त पदों के लिए 199 आवेदन जमा हुए हैं.
पूर्व में प्राप्त 232 आपत्तियां भी वेबसाइट पर सार्वजनिक
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतते हुए पूर्व में प्राप्त कुल 232 दावा-आपत्तियों का ब्योरा भी वेबसाइट पर सार्वजनिक किया जा रहा है. इनमें पकड़ीदयाल अनुमंडल से 34, अरेराज से 90, सिकरहना से 35 और सदर मोतिहारी से 73 आपत्तियां शामिल हैं. अभ्यर्थी जिला प्रशासन के आधिकारिक वेब पोर्टल eastchamparan.nic.in पर जाकर औपबंधिक सूची तथा आपत्तियों का विवरण आसानी से देख सकते हैं.
21 अगस्त तक निबंधित डाक से भेजें आपत्ति
यदि किसी भी अभ्यर्थी या नागरिक को जारी सूची अथवा चयन प्रक्रिया से संबंधित कोई अन्य आपत्ति दर्ज करानी है, तो वे आगामी 21 अगस्त तक अपनी आपत्ति भेज सकते हैं. प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी दावा-आपत्तियां केवल 'निबंधित डाक' (रजिस्टर्ड पोस्ट) के माध्यम से ही 'जिला आपूर्ति पदाधिकारी कार्यालय' को प्रेषित की जानी अनिवार्य हैं. तय समय सीमा समाप्त होने के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा
