Motihari News: मोतिहारी. कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और किसानों तक पहुंच रही आधुनिक तकनीकों का जायजा लेने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नई दिल्ली के कृषि प्रसार महानिदेशक डॉ. आरके सिंह एवं आईसीएआर अटारी पटना के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. मोनबुरुल्लाह ने कृषि विज्ञान केंद्र, पीपराकोठी के पहल वाले गांवों का भ्रमण किया. अधिकारियों ने प्रगतिशील किसानों के खेतों का निरीक्षण कर आधुनिक कृषि तकनीकों और उनके उपयोग से मिल रहे लाभ की जानकारी ली.
Piprakothi News: प्रगतिशील किसानों के खेतों का किया भ्रमण
अधिकारियों ने पाडौलिया के प्रगतिशील किसान एवं सेवानिवृत्त सैनिक राजेश कुमार तथा झखरा गांव के किसानों के खेतों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने खेतों में अपनाई जा रही आधुनिक कृषि तकनीकों, उत्पादन व्यवस्था और खेती के नए प्रयोगों की जानकारी किसानों से ली.
वर्मी कंपोस्ट और प्राकृतिक खेती का किया अवलोकन
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने किसानों द्वारा तैयार वर्मी कंपोस्ट, प्राकृतिक खेती, प्रत्यक्ष बीज बुवाई और फसल विविधीकरण जैसी तकनीकों का अवलोकन किया. वैज्ञानिकों ने किसानों से इन तकनीकों से उत्पादन, लागत और खेती में होने वाले लाभ के बारे में भी जानकारी प्राप्त की.
अमरूद और लीची के बागों का भी किया निरीक्षण
कृषि अधिकारियों ने अमरूद एवं लीची के बागों का निरीक्षण करते हुए बागवानी आधारित खेती की संभावनाओं को समझा. उन्होंने किसानों से उत्पादन, लागत, बाजार और फलों की बिक्री से जुड़ी जानकारी ली. वैज्ञानिकों ने कहा कि फसल विविधीकरण और बागवानी से किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है.
कृषि छात्रों के मॉडलों का किया अवलोकन
अधिकारियों ने कृषि छात्रों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों का भी अवलोकन किया. उन्होंने छात्रों को आवश्यक सुझाव देते हुए कृषि शिक्षा को खेतों की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने पर जोर दिया. वैज्ञानिकों ने कहा कि व्यावहारिक अनुभव कृषि छात्रों के ज्ञान को और बेहतर बनाता है.
आधुनिक तकनीकों से बढ़ेगी किसानों की आय
अधिकारियों ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण और बागवानी को अपनाना जरूरी है. ऐसे क्षेत्र भ्रमण से किसानों के अनुभवों को समझने के साथ कृषि छात्रों को भी व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है.
वैज्ञानिकों, किसानों और छात्रों की रही सहभागिता
भ्रमण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अरविन्द कुमार सिंह के साथ अन्य वैज्ञानिक, कर्मी, प्रगतिशील किसान एवं कृषि छात्र मौजूद रहे. सभी ने कृषि नवाचारों को बढ़ावा देने और किसानों तक आधुनिक तकनीकों की पहुंच मजबूत करने पर जोर दिया.
यह भी पढ़ें: हेलीकॉप्टर से बरसे फूल, हर-हर महादेव से गूंज उठा अरेराज धाम, तीसरी सोमवारी पर दिखा आस्था का अद्भुत नजारा
