मोतिहारी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 88 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला

Motihari News: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात का बड़ा एक्शन. थानों और डायल-112 में 2 साल से अधिक समय से जमे 88 सब-इंस्पेक्टर और एएसआई का सामूहिक तबादला. जानिए खबर विस्तार से…

मोतिहारी बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट

 Motihari News: अपराध नियंत्रण और जिले की विधि-व्यवस्था को गतिशील तथा पारदर्शी बनाने की दिशा में मोतिहारी पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा और कड़ा कदम उठाया है. पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात ने जिले के विभिन्न थानों और डायल-112 (Dial 112) रिस्पांस टीम में लंबे समय से एक ही जगह जमे हुए कुल 88 पुलिस पदाधिकारियों का सामूहिक रूप से तबादला कर दिया है.

पारदर्शिता लाने के लिए लिया गया कड़ा निर्णय

एसपी स्वर्ण प्रभात ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त और जवाबदेह रखना हमारी प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबे समय तक एक ही स्थान या थाने पर पदस्थापित रहने से पुलिस पदाधिकारियों की दैनिक कार्यशैली में एकरसता आ जाती है.

एसपी के अनुसार, इन तबादलों का मुख्य उद्देश्य बुनियादी अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाना, थानों की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाना, विधि-व्यवस्था का सुचारू और पुलिस प्रशासन की समग्र कार्यक्षमता में व्यापक वृद्धि करना है.

दो वर्षों से अधिक समय से जमे थे दारोगा और जमादार

तबादला किए गए अधिकारियों की आधिकारिक सूची में मुख्य रूप से पुलिस अवर निरीक्षक (SI) और सहायक अवर निरीक्षक (ASI) स्तर के पदाधिकारी शामिल हैं. ये सभी अधिकारी बीते दो वर्षों से अधिक समय से जिले के एक ही थाने, ओपी या डायल-112 की विशेष विंग में लगातार कार्यरत थे.

एसपी स्वर्ण प्रभात ने तबादला सूची जारी करने के साथ ही सभी संबंधित थानों के प्रभारियों को कड़ा निर्देश दिया है कि वे इन सभी 88 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान पदस्थापन स्थान से विरमित (Relieve) करें. इसके साथ ही सभी स्थानांतरित अधिकारियों को बिना समय गंवाए अपने नए आवंटित थानों में तुरंत योगदान सुनिश्चित करने को कहा गया है.

फैसले की तारीफ

पुलिस महकमे के जानकारों का मानना है कि एसपी के इस कड़े कदम से जिले की आंतरिक पुलिसिंग में नई ऊर्जा का संचार होगा. जानकारों के मुताबिक, एक ही स्थान पर लंबे समय तक टिके रहने से कई बार स्थानीय स्तर पर व्यक्तिगत संबंध या अन्य बाहरी प्रभाव काम करने की सरकारी शैली को प्रभावित करने लगते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >