मोतिहारी: अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अलर्ट, भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ेगी निगरानी

Motihari News: रक्सौल में डीएसपी मनीष आनंद की अध्यक्षता में पुलिस की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई. इसमें भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने, अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और रात्रि गश्ती तेज करने का सख्त निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिया गया. जानिए पूरी खबर…

मोतिहारी के रक्सौल से मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Motihari News: रक्सौल अनुमंडल पुलिस प्रशासन ने अपराध और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय के सभागार में मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) मनीष आनंद ने की, जिसमें क्षेत्र के सभी थानों के प्रभारी शामिल हुए. बैठक के दौरान डीएसपी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति का विस्तृत आकलन करते हुए पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बढ़ाने का सख्त निर्देश दिया.

तस्करी और अपराधियों पर होगी कठोर कार्रवाई

डीएसपी मनीष आनंद ने कहा कि नशीले पदार्थों, अवैध शराब और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के प्रति किसी प्रकार की नरमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक में लंबित मामलों के अनुसंधान, गिरफ्तारी की स्थिति तथा न्यायालय से निर्गत वारंटों के निष्पादन की प्रगति पर चर्चा की गई. डीएसपी ने पुराने मामलों के निष्पादन में तेजी लाने और वांछित अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया.

भारत-नेपाल बॉर्डर पर पैनी नजर और सुरक्षा ऑडिट

भारत-नेपाल सीमा से जुड़े थाना क्षेत्रों को विशेष रूप से अलर्ट करते हुए डीएसपी ने सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा. इसके लिए स्थानीय खुफिया नेटवर्क को सक्रिय करने पर बल दिया गया. बैठक में बैंक और एटीएम परिसरों में सीसीटीवी कैमरों की जांच करने तथा सुरक्षा मजबूत रखने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया. बैठक में अनुमंडल के सभी थानों के थानाध्यक्ष मुख्य रूप से मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >