सच्चिदानंद सत्यार्थी की रिपोर्ट
Motihari News: मोतिहारी की पीपराकोठी थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर फरार चल रहे दो बड़े अभियुक्तों के घर पर ढोल-नगाड़ों के साथ कुर्की-जब्ती से पहले की प्रक्रिया के तहत इश्तिहार चस्पा किया है. इसमें एक जहरीली शराब कांड का मुख्य अभियुक्त और दूसरा मवेशी तस्करी से जुड़ा बड़ा कारोबारी शामिल है. इस कार्रवाई की पुष्टि पीपराकोठी के थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने की है.
सलेमपुर में स्पिरिट माफिया लालबाबू यादव के घर पहुंचे पुलिस बल
थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि पीपराकोठी थाना कांड संख्या 166/26 (बिहार मद्यनिषेध और उत्पाद अधिनियम) के प्राथमिकी अभियुक्त और कुख्यात स्पिरिट माफिया लालबाबू यादव लंबे समय से फरार चल रहा है. जहरीली शराब कांड के इस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. जब वह हाथ नहीं आया, तो पुलिस की टीम ने सलेमपुर गांव स्थित उसके पैतृक आवास पर पहुंचकर न्यायालय से निर्गत इश्तिहार को विधिवत तामिला कराया. पुलिस ने साफ किया है कि अगर वह जल्द सरेंडर नहीं करता है, तो उसके घर की कुर्की-जब्ती की जाएगी.
पश्चिमी चम्पारण जाकर मवेशी कारोबारी शेख लड्डन के घर भी कार्रवाई
पीपराकोठी पुलिस की दूसरी कार्रवाई पश्चिमी चम्पारण जिले में हुई. थाना कांड संख्या 247/25 के मवेशी कारोबारी अभियुक्त शेख लड्डन के खिलाफ भी पुलिस ने शिकंजा कसा है. वह पश्चिमी चम्पारण के पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के भेड़ियाही का रहने वाला है. पीपराकोठी पुलिस ने पुरुषोत्तमपुर पुलिस के सहयोग से शेख लड्डन के घर पर धावा बोला और वहां भी विधिवत इश्तिहार तामिला किया गया. पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से फरार चल रहे अपराधियों और तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है.
