Motihari News: पताही में सरकारी सड़क पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण ध्वस्त

Motihari News: मोतिहारी के पताही प्रखंड अंतर्गत बोकाने पट्टी गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है . नोटिस के बाद भी सरकारी जमीन खाली नहीं करने पर 68 लोगों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया .

मोतिहारी पताही से विकास कुमार सिह की रिपोर्ट

Motihari News: मोतिहारी जिले के पताही प्रखंड अंतर्गत बोकाने पट्टी गांव में बुधवार को प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की है.अंचलाधिकारी (सीओ) नाजनी अकरम के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक टीम ने सड़क की सरकारी जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी मशीन लगाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया.सीओ नाजनी अकरम ने बताया कि गांव के 68 लोगों द्वारा सड़क की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था.इन सभी संबंधित व्यक्तियों को पहले ही अतिक्रमण स्वतः हटाने के लिए कानूनी नोटिस तामिला कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद किसी ने जमीन खाली नहीं की.इसके बाद प्रशासन को बलपूर्वक यह कार्रवाई करनी पड़ी.

झोपड़ी, ईंट के घर और मवेशियों के नाद को हटाया गया

बताया जा रहा है कि बोकाने पट्टी गांव के वार्ड संख्या 17 और 18 में ग्रामीणों ने सड़क की जमीन पर मवेशी बांधने के लिए नाद रख दिए थे.इसके साथ ही कई लोगों ने झोपड़ियां और ईंट के पक्के आवासीय मकानों का निर्माण भी कर लिया था.इस अवैध कब्जे के कारण आए दिन राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था.बुधवार को मौके पर पहुंची टीम ने इन सभी अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया.

कार्रवाई में शामिल रहे कई प्रशासनिक अधिकारी

अतिक्रमण हटाओ अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी.इस दौरान अंचलाधिकारी नाजनी अकरम के साथ राजस्व अधिकारी (आरओ) अनिल कुमार, दरोगा अजय कुमार, अंचल सहायक मनकेश्वर प्रसाद सहित अंचल और पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >