मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
Motihari News: मोतिहारी पुलिस ने छतौनी थाना कांड संख्या 230/26 (उत्पाद कांड) के फरार अभियुक्त लोकेश कुमार उर्फ लक्की पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
हत्या, रंगदारी और दुष्कर्म समेत कई संगीन मामलों का आरोपी
पुलिस के अनुसार छतौनी थाना क्षेत्र के बड़ी टोला निवासी लोकेश कुमार उर्फ लक्की लंबे समय से फरार चल रहा है. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, दुष्कर्म, चोरी, मारपीट और उत्पाद अधिनियम समेत कई गंभीर मामलों में विभिन्न थानों में कांड दर्ज हैं. उसके विरुद्ध छतौनी, मुफस्सिल, एससी-एसटी, रक्सौल और लखौरा थाना में भी मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है.
सूचना देने वाले को मिलेगा 10 हजार रुपये का इनाम
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अभियुक्त के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें. सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. इसके लिए पुलिस ने 9031827100 मोबाइल नंबर जारी किया है.
गिरफ्तारी के लिए जारी है विशेष अभियान
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में आम लोगों का सहयोग महत्वपूर्ण है और पुलिस को उम्मीद है कि जनसहयोग से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
