मोतिहारी: सामूहिक अवकाश से लौटे राजस्व कर्मचारी, सीओ ने किया नए हल्कों का आवंटन

Motihari News: बंजरिया अंचल में सामूहिक अवकाश से लौटे राजस्व कर्मचारियों ने कार्यभार संभाल लिया है. सीओ रोहन रंजन सिंह ने नए सिरे से हल्कों का आवंटन कर लंबित राजस्व कार्यों को जल्द निपटाने का सख्त निर्देश दिया है. पढे़ं पूरी खबर…

मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट

Motihari News: बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ के आह्वान पर करीब तीन महीने से सामूहिक अवकाश पर चल रहे राजस्व कर्मचारी आखिरकार काम पर लौट आए हैं. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग और संघ के बीच हुई सफल वार्ता के बाद 11 मई से सभी कर्मचारियों ने अंचल कार्यालय में अपना योगदान दे दिया है. इसी के साथ अंचल कार्यालय बंजरिया में लंबित राजस्व कार्यों को गति देने की कवायद शुरू हो गई है.

इन कर्मचारियों को मिली जिम्मेदारी

अंचल अधिकारी रोहन रंजन सिंह ने कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाने के उद्देश्य से राजस्व कर्मचारियों के बीच नए सिरे से हल्कों का आवंटन किया है. जारी आदेश के अनुसार:

  • मनोज कुमार राम: सिसवा पूर्वी और सिसवा पश्चिमी.
  • सुबोध कुमार: बंजरिया और चैलाहां.
  • निशांत कुमार पासवान: सेमरा, फुलवार उत्तरी और फुलवार दक्षिणी.
  • मुकेश कुमार: जनेरवा और रोहिनिया.
  • दीपक कुमार: पचरूखा पूर्वी, मध्य और पश्चिमी.
  • मुनिलाल कुमार: अजगरी हल्का.

प्रभार सौंपने में देरी पर होगी सख्त कार्रवाई

सीओ ने सभी नवनियुक्त प्रभारियों को तत्काल अपने आवंटित हल्कों का कार्यभार संभालने का निर्देश दिया है. साथ ही, पूर्व में इन हल्कों का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अंचल अमीनों को निर्देश दिया गया है कि वे बिना किसी देरी के समन्वय स्थापित कर प्रभार सौंपने की प्रक्रिया पूरी करें. सीओ ने स्पष्ट किया है कि कार्यभार के आदान-प्रदान में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी को आदेश की अवहेलना माना जाएगा और संबंधित कर्मी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

राजस्व कार्यों में आएगी तेजी

बता दें कि 11 फरवरी से चल रही इस हड़ताल के कारण अंचल में दाखिल-खालिज, लगान रसीद और अन्य राजस्व कार्य ठप पड़े थे. अब कर्मचारियों की वापसी और नए आवंटन के बाद आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद है. अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को समय पर कार्यों के निष्पादन का सख्त निर्देश दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >