Motihari News: नगर पंचायत क्षेत्र के मलंग चौक से गांधीनगर चौक तक जाने वाली मुख्य सड़क बारिश के बाद पूरी तरह जलमग्न हो गई है. सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति ऐसी हो गई है कि आम लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है. गंदे पानी के जमाव से स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और खरीदारों को भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है.
महत्वपूर्ण ‘सिनेमा हॉल रोड’ की हालत दयनीय
बता दें कि यह सड़क व्यावसायिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है और इसे स्थानीय स्तर पर सिनेमा हॉल रोड के नाम से भी जाना जाता है. बाजार और खरीदारी के लिए हर दिन हजारों लोग इसी मार्ग से गुजरते हैं. स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि हल्की बारिश में भी यह मुख्य सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है. जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था न होने से दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना बंद हो जाता है, जिससे व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.
गंदे पानी से हादसे का डर, बच्चे और बुजुर्ग परेशान
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, सड़क पर जमा गंदे पानी और कीचड़ के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. कई बाइक चालक फिसलकर चोटिल हो चुके हैं. इस अव्यवस्था से सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है. जलजमाव के कारण आसपास के घरों में भी बदबू और बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है.
1.69 करोड़ की लागत से बनेगा नाला, टेंडर प्रक्रिया पूरी
हालांकि, इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पंचायत की ओर से पहल शुरू कर दी गई है. एक करोड़ 69 लाख 500 रुपये की लागत से आरसीसी स्लैबयुक्त नाले के निर्माण के लिए निविदा (टेंडर) प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. मधुबन नगर पंचायत के कार्यपालक अधिकारी देवानंद ने बताया कि टेंडर फाइनल हो चुका है और सड़क पर निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू करा दिया जाएगा. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द काम शुरू करने की मांग की है.
मोतिहारी, मधुबन से शशि चंद्र तिवारी की रिपोर्ट
