Motihari News: पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान में बंजरिया थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने चेसिस और इंजन नंबर बदलकर चलाई जा रही चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस ने इस मामले में एक शातिर आरोपी को भी गिरफ्तार किया है.
पुलिस को देख भागने लगा बाइक सवार
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि गुरुवार को बंजरिया पुलिस सिंघिया गुमटी के समीप वाहनों की सघन जांच कर रही थी. इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से आता दिखा, जो पुलिस बल को देखते ही बाइक घुमाकर भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और उसे दबोच लिया. पकड़े गए युवक की पहचान रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के मझरिया गांव निवासी उज्जवल कुमार के रूप में हुई है.
एचएचडी मशीन से खुला चोरी का राज
जब पुलिस ने आधुनिक हैंड हेल्ड डिवाइस (HHD) मशीन से बाइक के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की, तो तकनीकी रिकॉर्ड से मिलान नहीं हुआ. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इंजन और चेसिस नंबर के साथ छेड़छाड़ की गई थी. कड़ाई से पूछताछ में पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल बेतिया जिले से चोरी की गई थी. पुलिस ने जब असली मालिक अविनाश चंद्रा पाण्डेय से संपर्क किया, तो उन्होंने पुष्टि की कि उनकी यह बाइक साल 2022 में चोरी हो गई थी.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी उज्जवल कुमार के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की छानबीन कर रही है ताकि चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा हो सके.
मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट
