Motihari News: भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. आरोप है कि एक युवक ने अपनी नाबालिग चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और दांत से काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया.
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घायल नाबालिग को पहले रक्सौल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
सुनसान जगह पर ले जाकर वारदात का आरोप
पीड़िता के पिता द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, गुरुवार शाम उनकी बेटी गोवास से घर लौट रही थी. इसी दौरान आरोपी युवक ने सुनसान जगह देखकर उसका मुंह बांध दिया और जबरन खेत की ओर ले गया. वहां उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की गई.
परिजनों का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी और उसके साथियों ने नाबालिग के साथ मारपीट की. उसके होठ, सीने, गर्दन और उंगलियों पर गंभीर जख्म के निशान मिले हैं.
घटनास्थल से मिले खून के धब्बे
घटना के बाद मौके से पीड़िता की चप्पल और खेत में खून के धब्बे भी मिले हैं. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.
बताया जा रहा है कि लड़की के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे.
दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि मामले में पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. मुख्य आरोपी रक्सौल के अहिरवा टोला निवासी विकेंद्र कुमार को बनाया गया है. इसके अलावा महदेवा वार्ड-8 निवासी रामबाबू साह, मनोज साह, भोला साह और मुनीलाल साह को भी अभियुक्त बनाया गया है.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनोज साह और रामबाबू साह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
शराब पीकर आने की चर्चा
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य आरोपी नेपाल से शराब पीकर गांव लौटा था. इसी दौरान उसने अपनी चचेरी बहन को रास्ते में पकड़ लिया और खेत में ले जाकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की.
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
रक्सौल पूर्वी चंपारण से मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
