Motihari: एनएच-27 पर ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, मौत के बाद ग्रामीणों ने 4 घंटे तक किया सड़क जाम

मोतिहारी के कोटवा में एनएच-27 पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार विजय सिंह की मौत हो गई. हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर 4 घंटे तक हाईवे जाम रखा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा.

Motihari Accident News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलवा माधो चौक के समीप एनएच-27 पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया.

हादसे में स्थानीय युवक की गई जान

मृतक की पहचान कोटवा के बेलवा माधो निवासी 40 वर्षीय विजय सिंह के रूप में की गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय सिंह अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजय सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार होने में सफल रहा.

मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे पर प्रदर्शन

हादसे की खबर मिलते ही बेलवा माधो के ग्रामीण बड़ी संख्या में एनएच-27 पर जुट गए और शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया. ग्रामीण मृतक के परिजनों के लिए उचित मुआवजे और मौके पर वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे. करीब 4 घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

पुलिस की कार्रवाई और यातायात बहाल

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई और मुआवजे का आश्वासन मिलने पर जाम हटाया गया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है.

मोतिहारी से शिवम कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >