मोतिहारी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ के जाली नोट और सोने के बिस्किट के साथ 4 गिरफ्तार

मोतिहारी पुलिस ने एक बड़े आपराधिक सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. 1 करोड़ रुपये के जाली नोट, 13 लाख असली नकद और सोने के बिस्किट के साथ 4 लोग गिरफ्तार हुए हैं. यह कार्रवाई देश विरोधी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका है.

Motihari Fake Currency: पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने एक बड़े आपराधिक सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए देश विरोधी नेटवर्क को करारा झटका दिया है. एसडीपीओ सदर-1 और एसडीपीओ सदर-2 के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस टीमों ने भोपतपुर कल्याणपुर इलाके में रात भर सघन छापेमारी की. इस विशेष ऑपरेशन में पुलिस ने करीब 1 करोड़ रुपये के जाली नोट (एफआईसीएन), 13 लाख रुपये असली नकद और 38 पीस सोने के बिस्किट बरामद किए हैं. इसके साथ ही मौके से अवैध हथियार, कारतूस और अपराध में इस्तेमाल की जाने वाली गाड़ियां भी जब्त की गई हैं. इस अप्रत्याशित कामयाबी से इलाके में हड़कंप मच गया है.

पांच थानों की पुलिस ने रात भर की छापेमारी

इस महा-ऑपरेशन को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया.भोपतपुर कल्याणपुर इलाके की पूरी तरह घेराबंदी कर रात भर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, ताकि कोई भी अपराधी भाग न सके.इस कार्रवाई में 2 प्रशिक्षु डीएसपी और 5 थानों की भारी पुलिस फोर्स को लगाया गया था.

 मुख्य सरगना सुलेमान अंसारी समेत चार दबोचे

पुलिस ने मौके से भोपतपुर निवासी मुख्य सरगना सुलेमान अंसारी और उसके करीबी सहयोगी इम्तियाज समेत कुल 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है. इन सभी शातिर अपराधियों को किसी गुप्त स्थान पर रखकर पुलिस के वरीय अधिकारी लगातार कड़ी पूछताछ कर रहे हैं.

असली-नकली सोने की अदला-बदली का खेल, राष्ट्रीय सुरक्षा के एंगल से जांच शुरू

बरामद सोने के बिस्किटों में फाइन गोल्ड और रोल गोल्ड दोनों शामिल हैं, जिससे पुलिस को अंदेशा है कि यह गिरोह असली-नकली सोने की अदला-बदली कर ठगी भी करता था. मोतिहारी पुलिस अब मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर फोकस कर रही है. पहला यह कि इतने बड़े पैमाने पर नकली नोटों का मुख्य सोर्स कहां है, इन्हें आगामी समय में कहां खपाया जाना था और इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के तार किन-किन राज्यों या नेपाल सीमा से जुड़े हैं. अधिकारियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन अभी जारी है और जल्द ही इस रैकेट से जुड़े कुछ सफेदपोशों और बड़े अपराधियों की गिरफ्तारी संभव है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar path

सुजीत प्रभात खबर में फोटो जर्नलिस्ट के रूप में 2009 से कार्यरत हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >