Motihari News: रामगढ़वा. प्रखंड क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मझरिया में शनिवार को मध्याह्न भोजन बनाने के दौरान कुकर ब्लास्ट हो गया. हादसे में कुकर का ढक्कन लगने से रसोइया श्रीमती देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. घटना के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गयी. शिक्षकों ने घायल रसोइया को इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी रेफर कर दिया.
Ramgarhwa News: एमडीएम के लिए कुकर में उबाल रही थीं आलू
घायल रसोइया के पुत्र के अनुसार, उनकी मां विद्यालय में मध्याह्न भोजन के लिए कुकर में आलू उबाल रही थीं. इसी दौरान कुकर में अचानक अधिक दबाव बन गया.
दबाव बढ़ने से कुकर का ढक्कन तेज आवाज के साथ उड़ गया. ढक्कन पहले छत से टकराया और इसके बाद वापस आकर सीधे रसोइया के माथे पर जा गिरा. इससे उनके माथे में गंभीर चोट लगी और वह घायल होकर गिर गयीं.
शिक्षकों ने पहुंचाया पीएचसी
घटना के तुरंत बाद विद्यालय में मौजूद प्रधान शिक्षक और अन्य शिक्षकों ने घायल रसोइया को इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनके सिर में गंभीर चोट को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी रेफर कर दिया.
हादसे के बाद स्कूल में मची अफरा-तफरी
कुकर ब्लास्ट की घटना के बाद विद्यालय में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी विद्यालय पहुंच गये. घायल रसोइया को तत्काल अस्पताल पहुंचाये जाने से उनका इलाज शुरू हो सका.
यह भी पढ़ें: डायबिटीज के मरीजों में बढ़ रहा लीवर फाइब्रोसिस और सिरोसिस का खतरा, 10 साल से अधिक पुराने मरीज रहें सतर्क
