टायर रिपेयरिंग दुकान में आग से मिस्त्री की मौत

नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर छह में कस्टम आफिस से रेलवे माल गोदाम जाने वाली सड़क के पास स्थित एक टायर रिपेयरिंग की दुकान में गुरुवार को दोपहर में आग लग गयी. इसमें टायर रिपेयरिंग दुकान में काम कर रहे मिस्त्री सह संचालक हीरा मियां की मौत हो गयी.

रक्सौल.नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर छह में कस्टम आफिस से रेलवे माल गोदाम जाने वाली सड़क के पास स्थित एक टायर रिपेयरिंग की दुकान में गुरुवार को दोपहर में आग लग गयी. इसमें टायर रिपेयरिंग दुकान में काम कर रहे मिस्त्री सह संचालक हीरा मियां की मौत हो गयी. स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान में आग जलाकर टायर रिसोलिंग का काम किया जाता था. इसी क्रम में आग लग गयी. हीरा मियां की पत्नी रिजवाना खातून भी घटना के दौरान वहां मौजूद थी. स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के बाद हीरा मियां ने पहले अपनी पत्नी को बाहर निकाला. जैसे ही दुबारा अंदर गये, दुकान का शटर बंद हो गया. इसके बाद कमरे के अंदर आग और टायर जलने से पैदा हो रही जहरीली गैस के कारण हीरा मियां की मौत हो गयी. इसी बीच स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी अग्निशामक दस्ता को दी. जिस खंडहर मकान में आग लगी थी, उसमें शटर बंद होने के बाद अंदर जाने का कोई रास्ता नहीं बचा था. इसके बाद लोगों की मदद से दीवार को तोड़ा गया. आग पर काबू पाने की घंटों कोशिश की गयी. इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका.

घटना के दौरान हल्ला हुआ कि हीरा का पोता भी अंदर फंसा है.बाद में यह साफ हुआ कि वह घटनास्थल पर नहीं था. सूचना पर पहुंची पुलिस, अग्निशामक और एकीकृत जांच चौकी की फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को बुझाने में काफी मेहनत की. इधर सूचना पर पहुंचीं रक्सौल अनुमंडल पदाधिकारी शिवाक्षी दीक्षित व रक्सौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार ने राहत तथा बचाव कार्य का जायजा लिया. उन्होंने अंचलाधिकारी को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरा करने के बाद परिजनों को तत्काल सरकारी सहायता देने का निर्देश दिया. डीएसपी धीरेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में घायल उसकी पत्नी रिजवाना खातून को इलाज के लिए डंकन भेजा गया है. इसके अलावा आग बुझाने और दीवाल तोड़ने में आधा दर्जन लोग सामान्य रूप से झुलसे हुए हैं. उनका उपचार किया जा रहा है. वहीं अंचलाधिकारी शेखर राज ने बताया कि पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की उचित कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Satendra prasad sat

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >