Madhuban Liquor Smuggling: शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मधुबन पुलिस ने जुलाई महीने में बड़े स्तर पर अभियान चलाते हुए शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है. पूरे महीने में पुलिस ने 932 लीटर अवैध शराब बरामद की और 25 तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
एक महीने में 14 एफआईआर, 27 नामजद
पुलिस के अनुसार जुलाई माह में शराब तस्करी से जुड़े 14 मामले दर्ज किए गए. इन मामलों में 27 लोगों को नामजद किया गया, जबकि 25 आरोपितों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेज दिया गया.
बरामद शराब में 791 लीटर विदेशी और 141 लीटर देशी शराब शामिल है.
उत्पाद विभाग की कार्रवाई अलग
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह आंकड़े केवल मधुबन थाना पुलिस की कार्रवाई से जुड़े हैं. उत्पाद विभाग द्वारा की गई कार्रवाई इसमें शामिल नहीं है.
शराब तस्करों पर लगातार नजर
पुलिस का कहना है कि शराबबंदी लागू होने के बावजूद चोरी-छिपे शराब की तस्करी और बिक्री के प्रयास लगातार सामने आ रहे हैं. इसे रोकने के लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और तस्करों के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है.
थानाध्यक्ष ने क्या कहा?
मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि जुलाई महीने में शराब तस्करों के खिलाफ रिकॉर्ड स्तर पर कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा.
