मधुबन के युवक की चेन्नई में दर्दनाक मौत, रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया, परिवार में मचा कोहराम

पूर्वी चंपारण के मधुबन के एक युवक की चेन्नई में ट्रेन हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. फैक्ट्री जाने के दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया. इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

Chennai Train Accident: पूर्वी चंपारण के मधुबन थाना क्षेत्र की सवंगिया पंचायत के मलाही टोला निवासी एक युवक की चेन्नई में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

फैक्ट्री जाने के दौरान हुआ हादसा

मृतक की पहचान तिलक सहनी के 25 वर्षीय पुत्र सुभाष सहनी के रूप में हुई है. वह तमिलनाडु के चेन्नई स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था.

परिजनों के अनुसार, सुभाष एक स्टेशन से फैक्ट्री जाने के लिए जल्दबाजी में रेलवे ट्रैक पार कर दूसरे प्लेटफॉर्म पर जा रहा था. इसी दौरान वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया.

मौके पर ही हो गई मौत

हादसा इतना भीषण था कि सुभाष का शरीर दो हिस्सों में बंट गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई.

शव लाने के लिए चेन्नई रवाना हुए परिजन

सुभाष अविवाहित था और छह भाइयों में तीसरे स्थान पर था. उसके पिता तिलक सहनी गांव में खेती-बाड़ी के साथ मछली पालन का व्यवसाय करते हैं.

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के भाई दीना कुमार सहित अन्य परिजन चेन्नई के लिए रवाना हो गए हैं, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को गांव लाया जाएगा.

गांव में शोक का माहौल

सवंगिया पंचायत के पूर्व सरपंच एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष आदेश कुमार उर्फ आशपूरण कुशवाहा ने बताया कि सुभाष सहनी बेहद मिलनसार और व्यवहारकुशल युवक था. उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shashi chandra tiwary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >